Nepal News: काठमांडू एयरपोर्ट पर टला बड़ा विमान हादसा, लैंडिंग के दौरान तुर्की एयरलाइंस के प्लेन में लगी आग, बाल-बाल बचे 289 लोग

Nepal News: काठमांडू एयरपोर्ट पर टला बड़ा विमान हादसा, लैंडिंग के दौरान तुर्की एयरलाइंस के प्लेन में लगी आग, बाल-बाल बचे 289 लोग

Kathmandu Aircraft Incident: नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (TIA) पर सोमवार, 11 मई की सुबह एक बड़ा विमान हादसा होते-होते रह गया। इस्तांबुल से काठमांडू आ रहे तुर्की एयरलाइंस के एक विमान (TK 726) के टायर में लैंडिंग के दौरान अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना के बाद एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन गनीमत यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

लैंडिंग के समय धू-धू कर जला टायर

जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 6:45 बजे की है। जैसे ही विमान ने रनवे पर टचडाउन किया, उसके दाहिने लैंडिंग गियर के टायर से लपटें निकलने लगीं और काला धुआं उठने लगा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि विमान के पहिए आग की चपेट में हैं। एयरपोर्ट की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम और फायर इंजनों ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

विमान में सवार थे संयुक्त राष्ट्र (UN) के प्रतिनिधि

अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस फ्लाइट में कुल 289 लोग सवार थे, जिनमें 278 यात्री और 11 क्रू मेंबर्स शामिल थे। विशेष बात यह है कि इस विमान में संयुक्त राष्ट्र (UN) के कई उच्च स्तरीय प्रतिनिधि भी यात्रा कर रहे थे। सभी को इमरजेंसी एग्जिट गेट और स्लाइड के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। कुछ यात्रियों को सुरक्षित निकासी के दौरान मामूली चोटें आई हैं, लेकिन कोई गंभीर हताहत नहीं हुआ है।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानें हुई प्रभावित

इस हादसे के बाद रनवे को जांच के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया, जिससे त्रिभुवन एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। दिल्ली से आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट (AI 215), शारजाह से एयर अरबिया और दुबई से आ रही फ्लाईदुबई की उड़ानों को हवा में ही होल्ड पर रखा गया या डाइवर्ट करना पड़ा।

जांच के घेरे में तुर्की एयरलाइंस

एयरपोर्ट सुरक्षा के SP राजकुमार सिलावल के अनुसार, आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। नागरिक उड्डयन प्राधिकरण और एयरलाइन के तकनीकी विशेषज्ञ मामले की गहन जांच कर रहे हैं। गौरतलब है कि साल 2015 में भी इसी कॉल साइन (TK 726) वाले तुर्की एयरलाइंस के विमान के साथ काठमांडू में हादसा हुआ था, जब वह रनवे से फिसल गया था।

Tags:

Latest Posts