UP Electricity Record: देश में सबसे आगे निकला यूपी! रिकॉर्ड 30,598 MW बिजली आपूर्ति कर रचा नया इतिहास

UP Electricity Record: देश में सबसे आगे निकला यूपी! रिकॉर्ड 30,598 MW बिजली आपूर्ति कर रचा नया इतिहास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश का विद्युत ढांचा लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। बेहतर प्रबंधन, सुदृढ़ इंफ्रास्ट्रक्चर और सतत निगरानी के बल पर उत्तर प्रदेश आज पूरे देश में निर्बाध बिजली आपूर्ति करने वाला अग्रणी राज्य बन चुका है। रिकॉर्ड बिजली सप्लाई के मामले में तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना जैसे औद्योगिक और विकसित राज्य भी उत्तर प्रदेश से काफी पीछे छूट गए हैं।

हाल ही में दर्ज किए गए आंकड़ों के मुताबिक, 12 जुलाई को राज्य में रिकॉर्ड 30,598 मेगावाट (MW) बिजली की सफल आपूर्ति की गई। इसके अलावा 14 जुलाई को 30,457 मेगावाट, 13 जुलाई को 29,827 मेगावाट, 11 जुलाई को 29,041 मेगावाट और 10 जुलाई को 26,571 मेगावाट बिजली उपलब्ध कराई गई। इस समयावधि में यह पूरे देश में किसी भी राज्य द्वारा दी गई सर्वाधिक बिजली आपूर्ति रही, जो योगी सरकार की दूरदर्शी ऊर्जा नीति और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

गांवों में तय शेड्यूल से ज्यादा मिल रही बिजली

गर्मी और मानसून के मौसम में जहां आमतौर पर बिजली की मांग अप्रत्याशित रूप से बढ़ जाती है, वहीं योगी सरकार ने ऐसा प्रबंधन किया है कि आम उपभोक्ताओं को कोई परेशानी न हो। प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में निर्धारित 18 घंटे के रोस्टर से भी अधिक समय तक बिजली दी जा रही है। वहीं शहरों, तहसील मुख्यालयों और औद्योगिक क्षेत्रों में बिना किसी कटौती के 24 घंटे बिजली देने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) की टीमें पूरे राज्य में 24 घंटे सिस्टम पर नजर बनाए हुए हैं।

मेंटेनेंस कार्य में दिन-रात जुटीं विभागीय टीमें

बिजली व्यवस्था में किसी भी स्थानीय खराबी को तुरंत ठीक करने के लिए विभागीय अधिकारी लगातार फील्ड का निरीक्षण कर रहे हैं। मानसून के दौरान तेज हवाओं, आंधी और बारिश के कारण जहां भी तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं, उन्हें न्यूनतम समय में ठीक करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। बिजली की तारों को नुकसान से बचाने के लिए लाइनों के पास बढ़ी पेड़ों की डालियों की नियमित छंटाई कराई जा रही है।

UPPCL की आम जनता से अपील: बरतें सावधानी

बरसात के मौसम में विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव के लिए यूपीपीसीएल (UPPCL) और अपर मुख्य सचिव ऊर्जा व अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने नागरिकों से खास अपील की है:

  • जलभराव वाले क्षेत्रों, बिजली के खंभों, ट्रांसफॉर्मरों और टूटे तारों से सुरक्षित दूरी बनाकर रखें।

  • किसी भी आपात स्थिति या तकनीकी खराबी की सूचना तुरंत टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1912 पर या नजदीकी बिजली कार्यालय में दें।

सरकार का स्पष्ट कहना है कि हर स्तर पर सजगता बरती जा रही है ताकि प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक बिना रुकावट के गुणवत्तापूर्ण बिजली पहुंचती रहे।

Latest Posts