प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार आज: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ मौत की वजह का खुलासा, शरीर पर मिले चोटों के निशान
समाजवादी पार्टी के कुनबे और उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिए पिछला 24 घंटा बेहद भारी रहा है। सपा संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार आज, गुरुवार (14 मई) को लखनऊ में किया जाएगा। 38 वर्षीय प्रतीक यादव का बुधवार तड़के दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था।
बैकुंठ धाम में दी जाएगी अंतिम विदाई
प्रतीक यादव की पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए अंतिम संस्कार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतीक यादव का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए उनके विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर रखा गया है। आज सुबह 11:00 बजे लखनऊ के भैंसाकुंड (बैकुंठ धाम) में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दुखद खबर के बाद से ही उनके आवास पर राजनीतिक दिग्गजों और समर्थकों का तांता लगा हुआ है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट: कार्डियक अरेस्ट और चोट के निशान
प्रतीक यादव की अचानक हुई मौत ने कई सवाल खड़े किए थे, जिनका जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है। डॉक्टरों के अनुसार, मौत की मुख्य वजह मैसिव पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म के कारण हुआ कार्डियक अरेस्ट था।
-
क्या है वजह: रिपोर्ट के मुताबिक, शरीर के निचले हिस्से (पैरों या पेल्विस) में खून का थक्का बना, जो फेफड़ों की धमनी तक पहुंच गया और ऑक्सीजन की सप्लाई बाधित कर दी। इससे हृदय और फेफड़ों ने काम करना बंद कर दिया।
-
चोट के निशान: पोस्टमार्टम में प्रतीक के शरीर पर चोट के 6 निशान पाए गए हैं। ये निशान सीने, दाहिने हाथ और कलाई पर मिले हैं।
-
चोट कितनी पुरानी: रिपोर्ट में बताया गया है कि तीन चोटें लगभग 5 से 7 दिन पुरानी हैं, जबकि बाकी तीन चोटें मौत से महज एक दिन पहले की हैं। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि ये सभी 'एंटीमॉर्टम' (मौत से पहले की) चोटें थीं।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई थीं सांसें
सिविल अस्पताल के निदेशक डॉ. जी पी गुप्ता के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 5 बजे प्रतीक की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली थी। डॉक्टरों की टीम उनके आवास पहुंची और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन सुबह 5:55 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। फिलहाल विसरा और हृदय से जुड़े नमूनों को आगे की जांच (हिस्टोपैथोलॉजिकल और रासायनिक विश्लेषण) के लिए सुरक्षित रखा गया है।
प्रतीक यादव अपने पीछे पत्नी अपर्णा यादव और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। फिटनेस फ्रीक और रियल एस्टेट कारोबारी के रूप में पहचाने जाने वाले प्रतीक की इस असामयिक मृत्यु ने सबको स्तब्ध कर दिया है।