SA20 2027 Retentions: फाफ डुप्लेसी बाहर, मिचेल मार्श का डेब्यू और जो रूट की वापसी; ऑक्शन से पहले सभी टीमों के स्क्वॉड का हुआ ऐलान
साउथ अफ्रीका की लोकप्रिय टी20 लीग SA20 का पांचवां सीजन फैंस के बीच रोमांच का नया तड़का लगाने के लिए तैयार है। साल 2027 में 17 जनवरी से शुरू होने वाले इस आगामी टूर्नामेंट और 21 फरवरी तक चलने वाले मुकाबलों को लेकर फ्रेंचाइजियों ने अपनी रणनीतियां साफ कर दी हैं। आगामी सीजन के ऑक्शन से ठीक पहले सभी छह फ्रेंचाइजियों ने अपने प्री-ऑक्शन रिटेंशन और खिलाड़ियों की साइनिंग की पूरी सूची जारी कर दी है। इस बार के सीजन में कई बड़े और दिग्गज अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी नए तेवर और नई जर्सियों में मैदान पर उतरते हुए नजर आएंगे, जिससे लीग का रोमांच और अधिक बढ़ गया है।
मिचेल मार्श करेंगे लीग में डेब्यू, जो रूट और सैम करन की बदली टीमें
आगामी SA20 सीजन में कई बड़े ग्लोबल स्टार्स खेलते नजर आएंगे। ऑस्ट्रेलिया के टी20 कप्तान मिचेल मार्श तीन बार की चैंपियन रह चुकी सनराइजर्स ईस्टर्न केप के साथ जुड़कर इस लीग में अपना धमाकेदार डेब्यू करने जा रहे हैं। इसके अलावा इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट एक बार फिर पार्ल रॉयल्स का प्रतिनिधित्व करते हुए दिखाई देंगे। वहीं, एमआई केप टाउन का साथ छोड़कर ऑलराउंडर सैम करन अब डरबन सुपर जायंट्स की ओर से जोस बटलर के साथ खेलते नजर आएंगे। प्रिटोरिया कैपिटल्स ने फिल साल्ट और मैट शॉर्ट को अपने साथ जोड़कर अपने टॉप ऑर्डर को बेहद मजबूत कर लिया है, जबकि वेस्टइंडीज के स्टार ऑलराउंडर जेसन होल्डर अब जोबर्ग सुपर किंग्स के खेमे में शामिल हो गए हैं।
फाफ डुप्लेसी और ट्रेंट बोल्ट जैसे दिग्गजों को किया गया रिलीज
इस बार के रिटेंशन और रिलीज नियमों ने कई क्रिकेट फैंस को हैरान भी किया है। जोबर्ग सुपर किंग्स ने चार सीजन तक टीम की कप्तानी संभालने वाले अनुभवी बल्लेबाज फाफ डूप्लेसी को रिलीज कर दिया है। इसके अलावा चैंपियंस सनराइजर्स ने विकेटकीपर जॉनी बेयरस्टो को बाहर का रास्ता दिखाया है, जबकि एमआई केप टाउन ने ट्रेंट बोल्ट, रासी वैन डेर डुसेन और कीरोन पोलार्ड जैसे लंबे समय से जुड़े खिलाड़ियों को इस बार टीम में जगह नहीं दी है। प्रिटोरिया कैपिटल्स ने भी शाई होप और जेमी ओवरटन जैसे खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया है, जिससे आगामी ऑक्शन में जोबर्ग सुपर किंग्स और केप टाउन की टीमें सबसे ज्यादा सक्रिय नजर आएंगी।
ऑक्शन से पहले सभी 6 टीमों का पूरा स्क्वॉड इस प्रकार है
-
डरबन सुपर जायंट्स (19/19): जोस बटलर, डेवोन कॉनवे, सैम करन, लियाम लिविंगस्टोन, सुनील नरेन, केन विलियमसन, मार्केस एकरमैन, डेविड बेडिंगहम, ईथन बॉश, गेराल्ड कोएट्जी, टोनी डी जोरजी, डेरिन डुपाविलॉन, साइमन हार्मर, इवान जोन्स, एडेन मार्कराम, काइल सिमंड्स, क्वेना मफाका, एंडिले सिमेलेन, हेनरिक क्लासेन (वाइल्डकार्ड)।
-
पार्ल रॉयल्स (19/19): डेनियल लॉरेंस, गुडाकेश मोटी, अज़मतुल्लाह उमरजई, सिकंदर रजा, थॉमस रेव, आसा ट्राइब, मुजीब उर रहमान, ओटनील बार्टमैन, ब्योर्न फोर्टुइन, रुबिन हरमन, कीगन लायन-कैशेट, डेविड मिलर, डेलानो पोटगीटर, काइल वेरेन, हार्डस विलजोएन, जैकब जोहान्स बैसन, नकोबानी मोकोएना, लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, जो रूट (वाइल्डकार्ड)।
-
सनराइजर्स ईस्टर्न केप (17/19): जेम्स कोल्स, लुईस ग्रेगरी, रिशाद हुसैन, मिशेल मार्श, एडम मिल्ने, मैथ्यू ब्रीट्जके, क्विंटन डिकॉक, जॉर्डन हरमन, पैट्रिक क्रूगर, सेनुरन मुथुसामी, एनरिक नोर्टजे, लुथो सिपामला, ट्रिस्टन स्टब्स, मिशेल वैन ब्यूरेन, सीजे किंग, जेपी किंग, मार्को जेनसेन (वाइल्डकार्ड)।
-
प्रिटोरिया कैपिटल्स (14/19): शेरफेन रदरफोर्ड, फिल सॉल्ट, मैथ्यू शॉर्ट, कॉनर एस्टरहुइजन, विहान लुब्बे, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, ब्राइस पार्सन्स, गिदोन पीटर्स, लिजाद विलियम्स, कोडी यूसुफ, डेवाल्ड ब्रेविस, बयांडा माजोला, आंद्रे रसेल (वाइल्डकार्ड)।
-
एमआई केप टाउन (13/19): विल जैक्स, राशिद खान, निकोलस पूरन, कॉर्बिन बॉश, रीज़ा हेंड्रिक्स, थॉमस काबर, जॉर्ज लिंडे, डेन पीड्ट, रयान रिकेल्टन, जेसन स्मिथ, टियान वैन वुरेन, ट्रिस्टन लुस, कगिसो रबाडा (वाइल्डकार्ड)।
-
जोबर्ग सुपर किंग्स (12/19): ल्यूस डू प्लॉय, जेसन होल्डर, अकील होसेन, जेम्स विंस, मैथ्यू डी विलियर्स, डोनोवन फरेरा, डियान फॉरेस्टर, डुआन जेनसेन, रिली रोसौ, जैन्को स्मिट, प्रेनेलन सुब्रायन, जेरेन बाकर।