Weather wreaks havoc from north to south:  आंधी-तूफान के बाद अब भारी बारिश का अलर्ट, 10 दिन बाद मानसून की दस्तक!

Weather wreaks havoc from north to south: आंधी-तूफान के बाद अब भारी बारिश का अलर्ट, 10 दिन बाद मानसून की दस्तक!

Weather wreaks havoc from north to south:  इस हफ्ते उत्तर भारत में आंधी और तूफान ने जमकर तबाही मचाई और अब मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। बंगाल की खाड़ी में बने मजबूत निम्न दबाव क्षेत्र के साथ-साथ कई स्थानों पर सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभों ने मिलकर देश भर के मौसम को उलट-पुलट कर दिया है।

उत्तर-पश्चिम भारत में आंधी और बारिश का दोहरा खतरा

उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिन मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 16 मई को हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी बारिश और आंधी का दौर जारी रह सकता है, जिसमें पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में तेज आंधी का खास खतरा बताया गया है।

पूर्वोत्तर में कई दिनों तक बिगड़ा रहेगा मौसम

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों के लिए भी मौसम विभाग ने राहत के कोई संकेत नहीं दिए हैं। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 17 मई तक हल्की से मध्यम बारिश होती रह सकती है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जो इन इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए चिंता का विषय बन सकती है।

बिहार से बंगाल तक: पूर्वी भारत में भी मौसम का कहर जारी

पूर्वी भारत के राज्यों में भी मौसम कई दिनों तक सक्रिय बना रहेगा। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में आंधी आने की भी आशंका है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान में तो भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान लगाया गया है, जो नदियों के जलस्तर को बढ़ा सकती है।

मध्य और दक्षिण भारत भी नहीं रहेगा बारिश से अछूता

सिर्फ उत्तर या पूर्वी भारत ही नहीं, मध्य और दक्षिण भारत के राज्यों में भी मौसम खराब रहने वाला है। पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कोंकण-गोवा, महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

तापमान में भी आएगा उतार-चढ़ाव

मौसम की मार के साथ-साथ तापमान में भी बदलाव देखने को मिलेगा। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 21 मई तक पारा 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ सकता है, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 18 मई तक 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी की आशंका है। पूर्वी भारत में 17 मई तक तापमान 2 से 3 डिग्री बढ़ सकता है। राहत की बात यह है कि गुजरात में 16 मई तक और महाराष्ट्र में 19 से 21 मई के बीच तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने के आसार हैं।

सबसे बड़ी खबर: 10 दिन बाद केरल में दस्तक देगा मानसून!

मौसम विभाग ने शुक्रवार को एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि इस साल मानसून 26 मई को केरल में दस्तक दे सकता है, जो सामान्य तारीख 1 जून से करीब पांच दिन पहले है। हालांकि इसमें 4 दिन आगे-पीछे की संभावना बनी रहती है। केरल से शुरू होकर मानसून धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ते हुए पूरे देश को भिगोता है। लेकिन इस बार एक चिंताजनक खबर भी है कि अल नीनो की परिस्थितियां विकसित होने के चलते इस वर्ष देश में सामान्य से कम बारिश हो सकती है, जिससे किसानों और कृषि क्षेत्र पर असर पड़ सकता है।

 

Tags:

Latest Posts