तमिलनाडु: CM विजय की पार्टी TVK पर संकट के बादल, 25 करोड़ की धोखाधड़ी में बड़ा नेता गिरफ्तार; SP ऑफिस पर भारी हंगामा

तमिलनाडु: CM विजय की पार्टी TVK पर संकट के बादल, 25 करोड़ की धोखाधड़ी में बड़ा नेता गिरफ्तार; SP ऑफिस पर भारी हंगामा

Up kiran, Digital Desk : तमिलनाडु की राजनीति में अपनी ऐतिहासिक जीत के साथ सत्ता का स्वाद चखने वाली थलपति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) शपथ ग्रहण के महज 48 घंटे के भीतर ही बड़े विवाद में फंस गई है। पुदुक्कोट्टई में पार्टी के कद्दावर नेता और केंद्रीय जिला कार्यकारी समिति के सदस्य सरवनन को पुलिस ने करोड़ों रुपये के गबन और धोखाधड़ी के संगीन आरोपों में गिरफ्तार किया है। इस खबर के फैलते ही पूरे इलाके में तनाव फैल गया और पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय के बाहर पीड़ितों का सैलाब उमड़ पड़ा।

'हाई रिटर्न' का झांसा देकर करोड़ों की चपत: ऐसे बुना गया ठगी का जाल

पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। तिरुवप्पुर के रहने वाले सरवनन पर आरोप है कि उसने अपनी राजनीतिक रसूख और पार्टी के नाम का इस्तेमाल कर 100 से ज्यादा लोगों को निवेश पर ऊंचे मुनाफे का लालच दिया। ठगी का शिकार हुए लोगों का कहना है कि सरवनन ने व्यक्तिगत रूप से 30 लाख से लेकर 1.5 करोड़ रुपये तक की वसूली की। कुछ मामलों में तो उसने अपनी मां की बीमारी और निजी मजबूरियों का हवाला देकर भी बड़ी रकम ऐंठी। अनुमान है कि यह पूरा घोटाला 25 करोड़ रुपये से भी अधिक का है।

15 दिनों से था फरार, पुलिस ने ऐसे बिछाया जाल

सरवनन की गिरफ्तारी की पटकथा पिछले 15 दिनों से लिखी जा रही थी। पीड़ितों के मुताबिक, नेता का मोबाइल फोन बंद था और वह फरार होने की फिराक में था। लोगों को डर था कि विधानसभा चुनाव में TVK की भारी जीत के बाद सरवनन पार्टी की साख का फायदा उठाकर विदेश भाग सकता है। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्राइम ब्रांच ने विशेष तलाशी अभियान चलाया और पुख्ता सूचना के आधार पर उसे धर दबोचा।

"आरोपी को हमारे हवाले करो": SP दफ्तर के बाहर पीड़ितों का गुस्सा फूटा

सरवनन की गिरफ्तारी की खबर जंगल की आग की तरह फैली और देखते ही देखते 100 से ज्यादा पीड़ित SP दफ्तर पहुंच गए। भीड़ में जबरदस्त आक्रोश था और हालात तब बेकाबू होने लगे जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को भीड़ के हवाले करने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया और आश्वासन दिया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की संपत्तियों की जांच की जाएगी ताकि पीड़ितों का पैसा वापस दिलाया जा सके।

विजय सरकार के लिए अग्निपरीक्षा, विरोधियों ने साधा निशाना

एक तरफ सीएम विजय मंदिरों और स्कूलों के पास शराब की दुकानें बंद करने जैसे बड़े फैसले लेकर वाहवाही बटोर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पार्टी नेता की इस करतूत ने विपक्षी दलों को हमलावर होने का मौका दे दिया है। बचपन के साथी द्वारा गरीबी वाले दावों पर सवाल उठाने के बाद यह दूसरा बड़ा विवाद है जो विजय की नई नवेली सरकार के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

 

Tags:

Latest Posts