'CJP के आंदोलन को कमजोर करने के लिए पीएम आवास पर हुआ राहुल गांधी का प्रदर्शन', संजय सिंह का बड़ा आरोप, AAP ने बताया बीजेपी-कांग्रेस की 'जुगलबंदी'
प्रधानमंत्री आवास के बाहर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के दिग्गजों द्वारा किए गए हाई-प्रोफाइल धरने पर अब इंडिया ब्लॉक के ही प्रमुख सहयोगी आम आदमी पार्टी (AAP) ने सवाल खड़े कर दिए हैं। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर राहुल गांधी के इस कदम पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। संजय सिंह का दावा है कि जंतर-मंतर पर पिछले एक महीने से शांतिपूर्ण तरीके से चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और छात्रों के वास्तविक आंदोलन से देश का ध्यान भटकाने और उसे कमजोर करने के लिए ही राहुल गांधी से पीएम आवास पर यह प्रायोजित प्रदर्शन कराया गया।
आतिशी का तंज: 'महीनेभर से शांत सरकार 1 घंटे में कैसे बातचीत करने पहुंच गई?'
संजय सिंह के साथ-साथ दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ AAP नेता आतिशी ने भी इस पूरे घटनाक्रम को बीजेपी और कांग्रेस की आपसी 'जुगलबंदी' करार दिया। आतिशी ने सवाल उठाते हुए कहा कि CJP और सोनम वांगचुक पिछले एक महीने से जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण धरना दे रहे हैं, लेकिन मोदी सरकार उनसे मिलने या बातचीत करने तक के लिए तैयार नहीं हुई। दूसरी तरफ, राहुल गांधी जैसे ही पीएम आवास के बाहर बैठते हैं, महज एक घंटे के भीतर सरकार के मंत्री वार्ता करने पहुंच जाते हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि यह दिखाता है कि पर्दे के पीछे क्या खिचड़ी पक रही है।
सौरभ भारद्वाज का कांग्रेस सोशल मीडिया इकोसिस्टम पर हमला
दिल्ली आप के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी कांग्रेस के रवैये पर तीखी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से छात्रों का यह बड़ा आंदोलन शुरू हुआ है, तब से कांग्रेस के शीर्ष नेता मुख्य मुद्दे पर पूरी तरह खामोश रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस का सोशल मीडिया तंत्र और उससे जुड़े इंफ्लुएंसर्स पहले ही दिन से CJP और जेन-जी (GenZ) के इस छात्र आंदोलन को कमजोर करने में लगे हुए थे। भारद्वाज के मुताबिक, अब जब छात्रों का गुस्सा चरम पर है, तो अपनी साख बचाने के लिए कांग्रेस अलग से सड़क पर उतरकर नौटंकी कर रही है।
विपक्ष के भीतर ही दरार से सियासत में मची उथल-पुथल
एक ओर जहां कांग्रेस इस प्रदर्शन को छात्रों की आवाज उठाने का सबसे मजबूत कदम बता रही है, वहीं दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के इस सीधे हमले से विपक्षी गोलबंदी में गहरी दरारें साफ नजर आने लगी हैं। बीजेपी के साथ-साथ अब AAP की ओर से भी घेरे जाने के बाद कांग्रेस बचाव की मुद्रा में आ गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि CJP के विरोध प्रदर्शन को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच छिड़ी यह जुबानी जंग आने वाले दिनों में और ज्यादा तीखी हो सकती है।