Food Safety Crackdown: किचन में जिंदा कॉकरोच और मक्खियां; IAS तुकाराम मुंढे के एक्शन से मैकडोनाल्ड समेत 3 बड़े आउटलेट्स का लाइसेंस सस्पेंड

Food Safety Crackdown: किचन में जिंदा कॉकरोच और मक्खियां; IAS तुकाराम मुंढे के एक्शन से मैकडोनाल्ड समेत 3 बड़े आउटलेट्स का लाइसेंस सस्पेंड

महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के कमिश्नर और सख्त कार्यशैली के लिए मशहूर आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में मिलावटखोरों और नियमों की अनदेखी करने वाले रेस्टोरेंट्स के खिलाफ राज्यव्यापी सख्त अभियान जारी है। दक्षिण मुंबई के बेहद पॉश इलाकों में स्थित नामचीन फूड आउटलेट्स और क्लबों के किचन में चौंकाने वाली गंदगी, मक्खियों और जिंदा कॉकरोचों के मिलने के बाद प्रशासन ने कड़ा कदम उठाते हुए मैकडोनाल्ड्स (McDonald's) समेत प्रमुख प्रतिष्ठानों के फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिए हैं।

कोलाबा मैकडोनाल्ड्स में 20 में से 18 खामियां अनसुलझी मिलीं

दक्षिण मुंबई के कोलाबा स्थित मेट्रो हाउस में संचालित मैकडोनाल्ड्स आउटलेट (हार्डकासल रेस्टोरेंट्स प्राइवेट लिमिटेड) की जब एफडीए टीम ने दोबारा जांच की, तो स्थिति बेहद चिंताजनक पाई गई। पूर्व में दिए गए सुधार नोटिस के बावजूद 20 में से 18 गंभीर कमियों को ठीक नहीं किया गया था।

जांच के दौरान किचन में जिंदा कॉकरोच रेंगते मिले और कीट नियंत्रण (Pest Control) के कोई पुख्ता उपाय नहीं थे। फर्श पर सड़ा हुआ गीला कचरा पड़ा था, रेफ्रिजरेशन का तापमान मानकों के अनुरूप नहीं था और कर्मचारी गंदे कपड़ों व जूतों को छूने के बाद बिना हाथ धोए ही सीधे तैयार खाना परोस रहे थे। इतना ही नहीं, असली चीज और पनीर के दावों के बीच गैर-डेयरी सॉस के इस्तेमाल से जुड़ी अनियमितताएं भी सामने आईं, जिसके बाद एफएसएसएआई (FSSAI) लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।

रेडियो क्लब और नरीमन प्वाइंट के रेस्टोरेंट में भी भारी लापरवाही

कार्रवाई की जद में दक्षिण मुंबई का ऐतिहासिक बॉम्बे प्रेसीडेंसी रेडियो क्लब (Radio Club) और नरीमन प्वाइंट स्थित स्टेटस रेस्टोरेंट (Status Restaurant) भी आए हैं। रेडियो क्लब के किचन में भारी संख्या में उड़ती मक्खियां, मरे हुए कॉकरोच और खाना बनाने वाली जगह की छत से उखड़ता पेंट व प्लास्टर पाया गया। खाद्य सामग्री के ठीक बगल में वॉशिंग पाउडर व केमिकल्स रखे थे और खाना पकाने वाले चूल्हों के पास कचरे के डिब्बे खुले पड़े थे।

वहीं स्टेटस रेस्टोरेंट में ग्राहक की शिकायत पर हुई जांच में कर्मचारी को साफ बर्तनों के ऊपर ही मुंह धोते पाया गया, जिससे गंदा पानी बर्तनों पर गिर रहा था। स्वच्छता के न्यूनतम मानकों (SOP) का घोर उल्लंघन पाए जाने पर इन सभी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई।

तुकाराम मुंढे की अगुवाई में 1100 से अधिक औचक छापे

मई में पदभार संभालने के बाद से आईएएस तुकाराम मुंढे की अगुवाई में महाराष्ट्र एफडीए पूरे राज्य में अब तक 1100 से अधिक होटलों, रेस्टोरेंट्स, ढाबों, क्लाउड किचन्स और ई-कॉमर्स वेयरहाउसों पर अचानक छापे मार चुका है।

प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि चाहे कोई सड़क किनारे का छोटा वेंडर हो या अंतरराष्ट्रीय स्तर का मल्टीनेशनल ब्रांड, आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा। जब तक ये प्रतिष्ठान स्वच्छता और सुरक्षा के सभी तय मानकों को पूरा कर दोबारा निरीक्षण पास नहीं करते, तब तक इन्हें खाना पकाने, बेचने या डिलीवर करने की सख्त मनाही रहेगी।

Latest Posts