World Plastic Surgery Day 2026 :  कॉस्मेटिक सर्जरी कराने का है मन? तो डॉक्टर से जरूर पूछें ये 10 सवाल; लापरवाही पड़ सकती है भारी!

World Plastic Surgery Day 2026 : कॉस्मेटिक सर्जरी कराने का है मन? तो डॉक्टर से जरूर पूछें ये 10 सवाल; लापरवाही पड़ सकती है भारी!

World Plastic Surgery Day 2026: खूबसूरत दिखना, आत्मविश्वास (Confidence) बढ़ाना और बढ़ती उम्र के असर को कम करना आज के दौर में बेहद आम हो चुका है। यही वजह है कि कॉस्मेटिक और प्लास्टिक सर्जरी अब सिर्फ फिल्मी सितारों या सेलिब्रिटीज तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि आम लोग भी धड़ल्ले से इन प्रोसीजर्स की मदद ले रहे हैं।

हालांकि, चिकित्सा विशेषज्ञों का मानना है कि सोशल मीडिया के चकाचौंध भरे विज्ञापनों, सेलिब्रिटी ट्रेंड्स या सिर्फ कम कीमत के लालच में आकर किसी भी सर्जरी का फैसला लेना सेहत के लिए बेहद जोखिम भरा हो सकता है। हर साल 15 जुलाई को वर्ल्ड प्लास्टिक सर्जरी डे (World Plastic Surgery Day) मनाया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों को इन सर्जरी से जुड़ी सही जानकारियों के प्रति जागरूक करना है।

शारदाकेयर हेल्थसिटी के प्लास्टिक एवं रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी विभाग के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. तन्मय रॉय के अनुसार, कॉस्मेटिक सर्जरी एक गंभीर मेडिकल प्रक्रिया है, इसे कोई आसान ब्यूटी ट्रीटमेंट समझने की भूल न करें। सेफ और बेहतरीन रिजल्ट्स पाने के लिए सर्जरी टेबल पर लेटने से पहले आपको अपने सर्जन से ये 10 महत्वपूर्ण सवाल जरूर पूछने चाहिए:

सर्जरी से पहले डॉक्टर से जरूर पूछें ये 10 जरूरी सवाल

  1. क्या आप इस विशिष्ट प्रक्रिया के लिए प्रशिक्षित और बोर्ड-सर्टिफाइड प्लास्टिक सर्जन हैं?

    सबसे पहले डॉक्टर की मेडिकल डिग्री, उनके अनुभव और उस पर्टिकुलर सर्जरी में उनकी विशेषज्ञता (Specialization) की पुष्टि करें।

  2. मेरे शारीरिक ढांचे और स्किन टाइप के अनुसार यह प्रोसीजर क्यों उपयुक्त है?

    अपनी त्वचा की बनावट, उम्र और वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति के आधार पर समझें कि क्या वाकई आपको इस सर्जरी की जरूरत है या कोई अन्य नॉन-सर्जिकल विकल्प भी मौजूद है।

  3. इस सर्जरी के साथ क्या जोखिम (Risks) और संभावित साइड-इफेक्ट्स जुड़े हैं?

    हर सर्जिकल प्रक्रिया के अपने कुछ खतरे या कॉप्लिकेशंस होते हैं। इनके बारे में पहले से मानसिक रूप से तैयार रहना बेहद जरूरी है।

  4. रिकवरी (ठीक होने) में कितना समय लगेगा?

    यह स्पष्ट कर लें कि सर्जरी के बाद आप कब से अपने काम पर लौट सकते हैं, वर्कआउट शुरू कर सकते हैं और अपनी नॉर्मल रूटीन लाइफ में आ सकते हैं।

  5. क्या इस सर्जरी के परिणाम (Results) परमानेंट यानी स्थायी होंगे?

    कुछ कॉस्मेटिक प्रोसीजर्स का असर सीमित समय (जैसे कुछ साल) के लिए ही होता है, जिसके बाद टच-अप की जरूरत पड़ती है। इसकी जानकारी पहले ही लें।

  6. क्या मैं आपके पिछले मरीजों की 'बिफोर एंड आफ्टर' (पहले और बाद की) तस्वीरें देख सकता हूँ?

    इससे आपको सर्जन के काम की क्वालिटी, उनकी कलात्मकता और संभावित परिणामों का एक वास्तविक अंदाजा मिल सकेगा।

  7. अगर सर्जरी का रिजल्ट मेरी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, तो मेरे पास क्या विकल्प होंगे?

    भविष्य में रिवीजन सर्जरी (संशोधन प्रक्रिया) या किसी अन्य सुधारात्मक उपचार की संभावना और उसके खर्चों के बारे में पहले ही बात कर लें।

  8. यह सर्जरी किस अस्पताल या सर्जिकल सेंटर में परफॉर्म की जाएगी?

    सुनिश्चित करें कि जहां आपकी सर्जरी हो रही है, वह एक मान्यता प्राप्त (Accredited) अस्पताल हो, जहां आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए आईसीयू और एडवांस लाइफ सपोर्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हों।

  9. इस पूरी प्रक्रिया का कुल खर्च (Total Cost) कितना होगा?

    सिर्फ ऑपरेशन की फीस ही नहीं, बल्कि दवाइयों, प्री-सर्जरी टेस्ट, एनेस्थीसिया, अस्पताल के रूम रेंट और फॉलो-अप विजिट्स सहित छिपे हुए सभी खर्चों की लिखित जानकारी लें।

  10. सर्जरी से पहले और बाद में मुझे किन सावधानियों का पालन करना होगा?

    अपनी डाइट, लाइफस्टाइल, स्मोकिंग (धूम्रपान), अल्कोहल (शराब) के सेवन और वर्तमान में चल रही दवाइयों को लेकर डॉक्टर के निर्देशों को विस्तार से समझें।

सेफ सर्जरी के लिए डॉ. तन्मय रॉय की 2 सबसे जरूरी सलाह:

  • अपनी मेडिकल हिस्ट्री कभी न छुपाएं: यदि आपको डायबिटीज (मधुमेह), हाई बीपी (उच्च रक्तचाप), दिल की कोई बीमारी है, या आपको किसी विशिष्ट दवा या एनेस्थीसिया से एलर्जी है, तो इसके बारे में सर्जन को पहली ही कंसल्टेशन में स्पष्ट बता दें। इससे डॉक्टर आपके लिए एक सुरक्षित और कस्टमाइज्ड सर्जिकल प्लान तैयार कर सकेंगे।

  • सेकंड ओपिनियन (Second Opinion) जरूर लें: यदि प्रोसीजर बहुत बड़ा, खर्चीला या जटिल है, तो किसी दूसरे अनुभवी प्लास्टिक सर्जन से भी राय लेने में बिल्कुल न हिचकिचाएं। यह आपके फैसले को अधिक सुरक्षित बनाएगा।

 

Latest Posts