Romantic Playlist: जब सॉरी से भी न माने पार्टनर, तो भेजें ये 7 जादुई गाने,मिनटों में पिघल जाएगा उनका गुस्सा
कहते हैं कि इंसान जो बात सीधे शब्दों में नहीं कह पाता, उसे जुबां तक लाने में कविता, शायरी और गानों का बहुत बड़ा रोल होता है। बात चाहे प्यार के इजहार की हो, दिल के टूटने की हो या फिर रूठने-मनाने की म्यूजिक लवर्स हर सिचुएशन के हिसाब से एक परफेक्ट गाना खोज ही लेते हैं। गीतकारों और संगीतकारों ने भी प्रेमियों के इस मूड का पूरा ख्याल रखा है।
अक्सर रिलेशनशिप में ऐसा दौर आता है जब एक छोटा सा 'सॉरी' रूठे हुए पार्टनर को मनाने के लिए काफी नहीं होता। ऐसे में संगीत की मदद लेना सबसे बेस्ट ऑप्शन है। आइए जानते हैं ऐसे ही 7 सुपरहिट गानों की लिस्ट, जो आपकी बिगड़ी बात को मिनटों में बना सकते हैं:
1. मान मेरी जान (किंग)
"मैं तेरी आंखों में उदासी कभी देख सकता नहीं, तुझे खुश मैं रखूंगा सोहणिया..." पॉप्युलर सिंगर किंग (King) का यह बेहद रोमांटिक ट्रैक लवर्स के बीच एक एंथम बन चुका है। अगर आपकी पार्टनर आपसे बेहद नाराज है और आप उन्हें यह जताना चाहते हैं कि वे आपके लिए कितनी अहम हैं, तो यह गाना उन्हें तुरंत सेंड कर दें। यूट्यूब पर इस ब्लॉकबस्टर गाने को 670 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।
2. राजी बोल जा (हरियाणवी सॉन्ग)
अगर आपकी गर्लफ्रेंड ठीक से बात नहीं कर रही है या मुंह फुलाकर बैठी है, तो यह रीजनल हरियाणवी गाना उनका दिल पिघलाने के लिए काफी है, भले ही वह ऊपर से गुस्से का दिखावा करती रहें। इस गाने को हरजीत दीवाना ने गाया है और इसके बोल राजीव अजनबी ने लिखे हैं। वीडियो में मुख्य कलाकार उत्तर कुमार और भव्या हैं। यूट्यूब पर इस गाने को 555 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।
3. अपना बना ले (भेड़िया)
"तू मेरा कोई ना हो के भी कुछ लागे..." वरुण धवन और कृति सेनन की फिल्म 'भेड़िया' का यह गाना वैसे तो पहली नजर में प्रपोजल सॉन्ग लगता है, लेकिन रूठने-मनाने के सिलसिले में भी यह बेहद असरदार है। चूंकि यह गाना अरिजीत सिंह की रूहानी आवाज में है, इसलिए इसे सुनते ही आधा गुस्सा तो वैसे ही शांत हो जाता है। यूट्यूब पर इसे 602 मिलियन व्यूज मिले हैं।
4. रांझा (शेरशाह)
सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी की फिल्म 'शेरशाह' का गाना 'रांझा' सीधे दिल को छूता है। यह गाना जुदाई के दर्द के साथ-साथ अटूट प्यार को भी दर्शाता है। इसे बी प्राक, जसलीन रॉयल और रोमी ने मिलकर गाया है। यूट्यूब पर इस इमोशनल और रोमांटिक ट्रैक को 438 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।
5. तुमसे ही दिन होता है (जब वी मेट)
"ना है ये पाना, ना खोना ही है... तेरा ना होना जाने क्यों होना ही है..." शाहिद कपूर और करीना कपूर की कल्ट क्लासिक फिल्म 'जब वी मेट' का यह गाना किसी का भी मूड पल भर में बदल सकता है। प्रीतम के संगीत और मोहित चौहान की आवाज से सजे इस गाने को टी-सीरीज के आधिकारिक चैनल पर 343 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं। यह गाना पार्टनर को यह अहसास कराने के लिए परफेक्ट है कि आपकी दुनिया उन्हीं से शुरू और उन्हीं पर खत्म होती है।
6. रूठ ना जाना तुमसे कहूं तो (1942: अ लव स्टोरी)
अगर आपका पार्टनर ओल्ड-स्कूल रोमांस या विंटेज गानों का शौकीन है, तो आर.डी. बर्मन (पंचम दा) के जादुई संगीत और कुमार सानू की मखमली आवाज में गाया गया यह सदाबहार गाना आपका काम चुटकियों में बना देगा। महान गीतकार जावेद अख्तर के लिखे इस खूबसूरत गाने को सारेगामा म्यूजिक पर 3.5 मिलियन व्यूज मिले हैं और आज भी यह रूठे पार्टनर को मनाने की लिस्ट में टॉप पर रहता है।
7. इश्क सूफियाना (द डर्टी पिक्चर)
जब बात सिर्फ सॉरी से आगे बढ़कर अपने प्यार को सच्चा साबित करने और पार्टनर को यह यकीन दिलाने तक पहुंच जाए कि आप उनके प्यार में पूरी तरह समर्पित हैं, तो 'इश्क सूफियाना' से बेहतर कोई विकल्प नहीं है। विशाल-शेखर के संगीत से सजे इस गाने के मेल (कमल खान) और फीमेल (सुनिधि चौहान) दोनों ही वर्जन बेहद कमाल के हैं।