सिस्टम से टकराया एक पिता, 'द इंडिया स्टोरी' का रोंगटे खड़े कर देने वाला टीजर आउट; कैंसर और भ्रष्टाचार के खिलाफ छिड़ी जंग
हरित क्रांति के नाम पर परोसे जा रहे जहर और उससे उपजी गंभीर बीमारियों की कड़वी सच्चाई अब बड़े पर्दे पर आने वाली है। आगामी फिल्म 'द इंडिया स्टोरी' (The India Story) का टीजर रिलीज हो चुका है, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। फिल्म की कहानी एक ऐसे लाचार पिता के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जिसकी मासूम बेटी कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी की चपेट में आ जाती है। जांच में पता चलता है कि यह बीमारी बाजार में बिकने वाले पेस्टीसाइड युक्त नकली अनाज और सब्जियों की देन है। यहीं से शुरू होता है एक आम आदमी का शक्तिशाली सिस्टम और बड़ी कंपनियों के खिलाफ न्याय का युद्ध।
काजल-श्रेयस का दमदार अंदाज फिल्म में श्रेयस तलपड़े एक ऐसे पिता की भूमिका में हैं जो अपनी बेटी के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है, जबकि काजल अग्रवाल (Kajal Aggarwal) एक वकील के किरदार में उनका साथ देती नजर आ रही हैं। टीजर में श्रेयस और काजल का अभिनय बेहद प्रभावशाली लग रहा है, जो दर्शकों को फिल्म देखने के लिए मजबूर कर देता है। चेतन डीके के निर्देशन में बनी यह फिल्म न केवल एक केस की कहानी है, बल्कि यह हर उस भारतीय घर की पीड़ा को बयां करती है, जो अनजाने में ही जहरीले खाद्य पदार्थों का सेवन कर रहे हैं।
24 जुलाई को सिनेमाघरों में गूंजेगी यह कहानी 'द इंडिया स्टोरी' को लेकर फैंस में जबरदस्त क्रेज है। पहले इसे साल की शुरुआत में रिलीज किया जाना था, लेकिन अब मेकर्स ने इसे 24 जुलाई 2026 को बड़े पर्दे पर उतारने का फैसला किया है। सबसे खास बात यह है कि फिल्म को हिंदी के अलावा तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा, ताकि इसकी पहुंच व्यापक हो सके। श्रेयस और काजल के अलावा फिल्म में तृषा सारदा, मुरली शर्मा, मनीष वाधवा और अतुल तिवारी जैसे मंझे हुए कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। सोशल मीडिया पर टीजर को मिल रही प्रतिक्रिया से साफ है कि दर्शकों को एक ऐसी फिल्म का इंतजार है जो मनोरंजन के साथ-साथ समाज को आईना भी दिखाएगी।