E20 Petrol Myth vs Reality: क्या इथेनॉल मिला हुआ पेट्रोल आपके वाहन को कर रहा है खराब? केंद्र सरकार ने FAQs जारी कर दूर किए उपभोक्ताओं के 4 बड़े भ्रम

E20 Petrol Myth vs Reality: क्या इथेनॉल मिला हुआ पेट्रोल आपके वाहन को कर रहा है खराब? केंद्र सरकार ने FAQs जारी कर दूर किए उपभोक्ताओं के 4 बड़े भ्रम

देश भर में गाड़ियों में इस्तेमाल होने वाले पेट्रोल में इथेनॉल (Ethanol) मिलाने को लेकर पिछले कुछ समय से आम उपभोक्ताओं के बीच कई तरह की चिंताएं, अफवाहें और गलत धारणाएं सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इन तमाम आशंकाओं और भ्रामक खबरों पर पूर्णविराम लगाने के लिए केंद्र सरकार ने इथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल (EBP) कार्यक्रम को लेकर एक बेहद विस्तृत फ्रेक्वेंटली आस्कड क्वेश्चन (FAQs) जारी किया है।

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा जारी इस आधिकारिक दस्तावेज में वाहन की कम्पेटिबिलिटी (अनुकूलता), ईंधन की असली कीमत, उपभोक्ताओं की पसंद और सबसे महत्वपूर्ण— इंजन की सुरक्षा से जुड़े सभी तीखे सवालों के सीधे और तार्किक जवाब दिए गए हैं। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि इससे पहले 23 जून 2026 को एक विस्तृत प्रेस नोट और 4 जुलाई को ऑटोमोबाइल कंपनियों द्वारा की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस के बावजूद कुछ चिंताएं बनी हुई थीं, जिन्हें दूर करना बेहद जरूरी था।

आइए जानते हैं सरकार द्वारा जारी FAQs में इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर किए गए 4 सबसे बड़े और महत्वपूर्ण खुलासे:

1. भ्रम: भारत ने बहुत अचानक और तेजी से बढ़ाई इथेनॉल ब्लेंडिंग?

सच: भारत में इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर हो रही इस आलोचना पर कि देश ने ब्राजील जैसे देशों की तुलना में बहुत तेजी से ब्लेंडिंग बढ़ाई है, मंत्रालय ने कड़ा रुख अपनाया है। सरकार ने साफ किया कि यह बदलाव रातों-रात या अचानक नहीं हुआ है, बल्कि यह पूरा कार्यक्रम पिछले दो दशकों (20 साल) से अधिक समय में धीरे-धीरे और चरणबद्ध तरीके से विकसित हुआ है।

भारत में इथेनॉल ब्लेंडिंग का पहला पायलट प्रोग्राम साल 2001 में ही शुरू कर दिया गया था। इसके बाद 2006 तक देश के कई राज्यों में 5 प्रतिशत (E5) इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की व्यावसायिक शुरुआत हुई। साल 2013 में इसकी बाकायदा नीतिगत रूपरेखा तैयार की गई और 2018 में लागू की गई 'नेशनल पॉलिसी ऑन बायोफ्यूल्स' के तहत बड़े सुधार किए गए। कई वर्षों की लंबी प्लानिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, भारी निवेश और ऑटोमोबाइल कंपनियों व टेस्टिंग एजेंसियों के साथ विस्तृत चर्चा के बाद ही चालू वित्त वर्ष में इसे सफलतापूर्वक लगभग 20 प्रतिशत (E20) के स्तर पर पहुंचाया गया है।

2. भ्रम: पेट्रोल पंपों पर 100% शुद्ध पेट्रोल, E10 और E20 का अलग विकल्प क्यों नहीं मिलता?

सच: कई वाहन चालकों का सवाल है कि उन्हें अपनी पसंद के अनुसार शुद्ध पेट्रोल या कम इथेनॉल वाला तेल चुनने की आजादी क्यों नहीं मिलती? इसके जवाब में मंत्रालय ने बड़ी लॉजिस्टिक और व्यावहारिक चुनौती का हवाला दिया है।

सरकार के मुताबिक, भारत में रिफाइनरी, विशाल तेल डिपो, हजारों किलोमीटर लंबी पाइपलाइनों और देश भर में फैले 1 लाख से अधिक पेट्रोल पंपों का एक बेहद जटिल और विशाल नेटवर्क है। इतने बड़े पैमाने पर एक साथ तीन अलग-अलग ग्रेड के पेट्रोल (शुद्ध पेट्रोल, E10 और E20) की समानांतर सप्लाई चेन (Parallel Supply Chain) बनाए रखना देश के इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए बेहद पेचीदा और लगभग असंभव होगा। इसीलिए पूरे देश में एक समान मानक ईंधन की सप्लाई की जा रही है।

3. भ्रम: इथेनॉल मिलाने के बाद भी E20 पेट्रोल सस्ता क्यों नहीं है?

सच: उपभोक्ताओं का मानना है कि चूंकि इथेनॉल का उत्पादन सस्ता होता है, इसलिए पेट्रोल की कीमतें कम होनी चाहिए। इस पर सरकार ने साफ किया कि पेट्रोल में मिलाया जाने वाला इथेनॉल देश के अन्नदाता किसानों से बेहद लाभकारी और आकर्षक कीमतों पर खरीदा जाता है ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो।

यही वजह है कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतें काफी नीचे गिर जाती हैं, तब शुद्ध पेट्रोल के मुकाबले इथेनॉल की खरीद लागत थोड़ी अधिक बैठती है। हालांकि, इस ब्लेंडिंग का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इससे भारत की विदेशी कच्चे तेल पर निर्भरता कम होती है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में होने वाले भू-राजनीतिक उतार-चढ़ाव का असर घरेलू कीमतों पर नहीं पड़ता। पिछले चार वर्षों में दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं और पड़ोसी देशों की तुलना में भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में स्थिरता इसी नीति के कारण रही है।

4. भ्रम: क्या E20 पेट्रोल से गाड़ियों के इंजन और रबर पार्ट्स खराब हो रहे हैं?

सच: सोशल मीडिया पर चल रहे उन दावों को सरकार ने पूरी तरह से खारिज कर दिया है जिसमें कहा जा रहा था कि E20 पेट्रोल पुराने E10 वाहनों के इंजन, रबर कंपोनेंट्स या फ्यूल लाइन्स को नुकसान पहुंचा रहा है। मंत्रालय ने दो-टूक शब्दों में कहा कि इन दावों का कोई भी वैज्ञानिक या तकनीकी आधार नहीं है।

E20 ईंधन को देश भर में लागू करने से पहले कई वर्षों तक अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं (Lab Testing), कड़े फील्ड परीक्षणों और ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI) व सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) जैसी शीर्ष तकनीकी संस्थाओं के साथ गहन रिसर्च की गई है। सभी वाहन निर्माता कंपनियां पुराने वाहनों पर भी अपनी वारंटी जारी रखे हुए हैं।

माइलेज और परफॉर्मेंस पर सरकारी रिपोर्ट: मंत्रालय ने ईमानदारी से यह जरूर स्वीकार किया है कि बहुत पुराने कुछ वाहनों में इथेनॉल की कम कैलोरीफिक वैल्यू के कारण माइलेज में 3 से 5 प्रतिशत की मामूली कमी देखी जा सकती है। लेकिन इसके विपरीत, E20 ईंधन से गाड़ी के इंजन को उच्च ऑक्टेन स्तर (Higher Octane Number) मिलता है, जिससे कंबशन (ईंधन का जलना) बेहतर होता है, इंजन का पिकअप व प्रदर्शन सुधरता है और सबसे बड़ी बात— वाहनों से होने वाला खतरनाक कार्बन उत्सर्जन (Emission) बेहद कम हो जाता है, जो पर्यावरण के लिए संजीवनी है।

Latest Posts