सिलेंडर डिलीवरी का DAC कोड बना साइबर ठगों का नया हथियार, गलती की तो खाली हो जाएगा बैंक खाता

सिलेंडर डिलीवरी का DAC कोड बना साइबर ठगों का नया हथियार, गलती की तो खाली हो जाएगा बैंक खाता

स्ट्रेट ऑफ हुर्मूज (Strait of Hormuz) में जारी भू-राजनीतिक तनाव और रुकावटों के कारण एलपीजी (LPG) की ग्लोबल सप्लाई चेन पर गहरा असर पड़ा है। घरेलू स्तर पर भले ही गैस कंपनियां निर्बाध सप्लाई के बड़े-बड़े दावे कर रही हों, लेकिन हकीकत यह है कि युद्ध जैसी स्थितियों के कारण नियम काफी सख्त हो चुके हैं।

अब देश में एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी को 100% पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए डीएसी (Delivery Authentication Code) को अनिवार्य कर दिया गया है। इसके तहत जब तक आप डिलीवरी बॉय को कंपनियों द्वारा जारी 4 या 6 अंकों का कोड नहीं बताएंगे, आपको सिलेंडर नहीं मिलेगा। इस नियम से ब्लैक मार्केटिंग तो रुकी है, लेकिन अब साइबर ठगों ने इसे ही अपना नया हथियार बना लिया है।

कैसे हो रहा है DAC कोड के नाम पर फ्रॉड?

साइबर अपराधी उपभोक्ताओं को एलपीजी डिलीवरी के नाम पर फर्जी मैसेज भेज रहे हैं। इन मैसेज में एक ओटीपी (OTP) या डीएसी कोड होता है। मैसेज भेजने के तुरंत बाद ठग आपको फोन करते हैं और खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताकर वह कोड पूछने लगते हैं।

यदि आप जल्दबाजी में हैं या लापरवाही बरतते हैं और बिना जांचे वह कोड फोन पर शेयर कर देते हैं, तो यह सीधे आपके बैंक खाते से जुड़ा हो सकता है और आपकी जमा पूंजी साफ हो सकती है।

इंडेन गैस (Indane) के असली मैसेज को ऐसे पहचानें

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL) ने उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए एक आधिकारिक अलर्ट जारी किया है। इंडेन का मैसेज असली है या नकली, इसे आप इन 4 तरीकों से पहचान सकते हैं:

  1. सेंडर आईडी (Sender ID): असली मैसेज हमेशा रजिस्टर्ड और आधिकारिक सेंडर आईडी जैसे VK-INDANE या VM-INDANE आदि से ही आएगा। किसी सामान्य मोबाइल नंबर से आए मैसेज पर भरोसा न करें।

  2. बुकिंग/इनवॉयस नंबर: असली मैसेज में आपके द्वारा बुक किए गए सिलेंडर का बुकिंग नंबर या इनवॉयस नंबर अनिवार्य रूप से लिखा होगा।

  3. 6 अंकों का कोड: इंडेन का डीएसी (DAC) कोड हमेशा 6 अंकों का होता है।

  4. शेयर करने का नियम: मैसेज में साफ लिखा होगा कि यह कोड केवल और केवल सिलेंडर की फिजिकल डिलीवरी के समय 'डिवरी बॉय' को ही देना है।

एचपी गैस (HP Gas) के असली मैसेज की पहचान

हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अलर्ट जारी कर ग्राहकों को आगाह किया है:

  • सेंडर आईडी: एचपी गैस का आधिकारिक मैसेज VM-HPGASc-S से आता है।

  • 4 अंकों का कोड: एचपी गैस के मामले में यह 4 अंकों का ओटीपी/डीएसी कोड होता है।

  • फोन पर कभी न दें: एचपी गैस के कर्मचारी या डिलीवरी एजेंट कभी भी फोन कॉल, व्हाट्सएप (WhatsApp) या किसी संदिग्ध लिंक के जरिए आपसे ओटीपी नहीं मांगते।

  • जल्दबाजी से बचें: अगर मैसेज में काम तुरंत करने का दबाव हो, भाषा अजीब हो या फॉर्मेट अलग हो, तो वह पूरी तरह फर्जी है।

सुरक्षा का सबसे बड़ा मूलमंत्र

एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी के लिए डिजिटल कोड की व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित है और यह तय करती है कि सिलेंडर सही उपभोक्ता तक पहुंचे। लेकिन आपको बस एक बात गांठ बांध लेनी है: "जब तक एलपीजी डिलीवरी बॉय सिलेंडर लेकर आपके दरवाजे पर खड़ा न हो जाए, तब तक अपना डीएसी (DAC) या ओटीपी (OTP) किसी के साथ भी चाहे वो फोन पर हो या मैसेज पर साझा न करें।"

Tags:

Latest Posts