वाराणसी में निपुण महोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ,बच्चों ने की भागीदारी

वाराणसी, 05 जुलाई (हि.स.)। जिले के कंपोजिट विद्यालय महमूरगंज में शुक्रवार को निपुण महोत्सव कार्यक्रम का आधिकारिक शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम शैक्षिक मानकों को बढ़ाने और सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम का शुभारंभ कैंट भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव, डायट प्रधानाचार्य डॉ. उमेश शुक्ला, बीईओ स्कंद गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।

इस दौरान विधायक सौरभ ने अभिभावकों और छात्रों को निपुण लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शैक्षिक उत्कृष्टता प्राप्त करने में सहयोगात्मक प्रयासों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि निपुण महोत्सव कार्यक्रम का उद्देश्य एक अनुकूल सीखने का माहौल बनाना और छात्रों को उनकी शैक्षणिक और व्यक्तिगत विकास के लिए आवश्यक कौशल प्रदान करना है।

कार्यक्रम में पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विधायक,डायट प्राचार्य,बीईओ ने छात्रों के साथ मिलकर वृक्षारोपण अभियान में भाग लिया और पौधे लगाए जो विकास और स्थिरता का प्रतीक है। एनजीओ इनवाल्व के प्रोग्राम मैनेजर संदीप कुमार ने निपुण महोत्सव कार्यक्रम के उद्देश्यों को बताया। जिसमें छात्रों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने की भूमिका पर जोर दिया गया।

एनजीओ से सम्यक जैन ने भी संगठन के लक्ष्यों और शैक्षिक सुधार के प्रति प्रतिबद्धता के बारे में जानकारी साझा की। कार्यक्रम के दौरान, छात्रा रागिनी मौर्या ने निपुण का अर्थ “हर कार्य को करने में सक्षम होना” बताया।

कार्यक्रम में छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की। विद्यालय की प्रधानाचार्य प्रीति त्रिवेदी और सभी शिक्षक इस कार्यक्रम में मौजूद रहे।