बर्ड फ्लू के मद्देनजर रांची में मुर्गियां, अंडे और बतख किए जा रहे नष्ट

रांची, 27 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी रांची के होटवार में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद प्रभावित क्षेत्र के एक किलोमीटर के दायरे में कुक्कुटों की कलिंग, वैज्ञानिक विधि से निस्तारण और संपूर्ण डिसइन्फेक्शन का कार्य लगातार जारी है।

इस बाबत डॉ गणेश महली ने बताया कि टीम लगातार इलाके में अपना काम कर रही है। अबतक 1800 मुर्गी, अंडा 1697 और 451 बतख डिस्ट्रॉय किया गया है।

उल्लेखनीय है कि 25 अप्रैल को रांची के होटवार स्थित क्षेत्रीय कुक्कुट प्रक्षेत्र के कुक्कुटों के जांच किये गये नमूनों में एच फाइव एन वन की पृष्टि के बाद रांची उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने एहतियात के तौर पर एक किलोमीटर की परिधि में किसी भी जिंदा, मृत कुक्कुटों, कुक्कुट उत्पाद और अण्डा की खरीद-बिक्री एवं परिवहन पर अगले आदेश तक रोक लगा दी थी।