रांची लोकसभा क्षेत्र की स्क्रूटनी में 27 उम्मीदवारों के नामांकन सही मिले, छह अस्वीकृत

रांची, 07 मई (हि.स.)। राजधानी रांची संसदीय क्षेत्र के लिए संवीक्षा (स्क्रूटनी) की प्रक्रिया मंगलवार को संपन्न हुई। समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित कमरा संख्या 207 में उम्मीदवारों और उनके प्रस्तावकों की उपस्थिति में रांची संसदीय क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी राहुल कुमार सिन्हा के जरिये बारी-बारी से सभी 33 उम्मीदवारों के नाम-निर्देशन पत्रों की स्क्रूटनी की गयी। स्क्रूटनी में 27 उम्मीदवारों के नामांकन सही पाये गये जबकि छह उम्मीदवारों के नामांकन अस्वीकृत कर दिए गए।

सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्यूनिस्ट) से मिंटू पासवान, अंबेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया से रामहरि गोप, निर्दलीय से अरशद अयूब, पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) से पंकज कुमार रवि, भारतीय जनता पार्टी से संजय सेठ, लोक अधिकार पार्टी से हरिनाथ साहू, आदिवासी किसान मजदूर पार्टी से अंजनी पांडे, मेरा अधिकार राष्ट्रीय दल से धनंजय कुमार भगत, निर्दलीय से मनोरंजन भट्टाचार्य, बहुजन समाज पार्टी से मनोज कुमार, राष्ट्रीय जनसंघर्ष स्वराज पार्टी से निपु सिंह, भारतीय जनतंत्र मोर्चा से धर्मेंद्र तिवारी, अबुआ झारखंड पार्टी से बिरेंद्र नाथ मांझी, निर्दलीय देवेंद्र नाथ महतो, सम्पूर्ण भारत क्रांति पार्टी से प्रवीण कच्छप, निर्दलीय कामेश्वर प्रसाद साव, एकल सनातन भारत दल से सर्वेश्वरी साहू, जय महाभारत पार्टी से सोमा सिंह, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से यशस्विनी सहाय, भागीदारी पार्टी से श्याम बिहारी प्रजापति, बहुजन मुक्ति पार्टी से विनोद उरांव, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) से रंजना गिरि, निर्दलीय प्रवीण चन्द्र महतो, निर्दलीय ऐनुल अंसारी, निर्दलीय संतोष कुमार जायसवाल, समता पार्टी से हेमंती देवी, निर्दलीय कोलेश्वर महतो के नामांकन सही पाए गए।

छह उम्मीदवारों के नामांकन अस्वीकृत

स्क्रूटनी के दौरान छह उम्मीदवारों के नामांकन में त्रुटि पायी गयी, जिसके बाद उनका नामांकन अस्वीकृत कर दिया गया। इनमें निर्दलीय संदीप उरांव, निर्दलीय संजय कुमार महतो, झारखंड जनक्रांति मोर्चा से अमरेंद्र कुमार, निर्दलीय प्रेमनाथ बड़ाईक, निर्दलीय मंजू देवी, स्वराज एकता पार्टी से सुशील कुमार शामिल हैं। स्क्रूटनी के बाद जिन उम्मीदवारों के नामांकन स्वीकृत हुए हैं वे नौ मई को तीन बजे तक नाम वापस ले सकते हैं। इसी दिन अपराह्न चार बजे से उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किये जायेंगे।

इस दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन, सहायक निर्वाची पदाधिकारी 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र राजेश्वरनाथ आलोक, सहायक निर्वाची पदाधिकारी 63-रांची विधानसभा क्षेत्र उत्कर्ष कुमार एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।