अरेंज मैरिज में पार्टनर से जरूर पूछें ये 5 सवाल, रिश्ते को बेहतर बनाने में मिलेगी मदद

Mixcollage 22 mar 2025 01 37 pm

आज के समय में अरेंज मैरिज करना पहले की तुलना में ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो गया है। किसी अजनबी के साथ पूरी जिंदगी बिताने का फैसला लेना आसान नहीं होता। ऐसे में, सही पार्टनर चुनने के लिए पहली मुलाकात में सही सवाल पूछना बेहद जरूरी है। रिलेशनशिप कोच सुरभि गांधी ने इंस्टाग्राम पर कुछ ऐसे अहम सवालों की लिस्ट शेयर की है, जो अरेंज मैरिज में सही पार्टनर चुनने में मदद कर सकते हैं।

अगर आपकी भी शादी अरेंज हो रही है, तो पहली मुलाकात में ये 5 सवाल जरूर पूछें, जिससे आप अपने होने वाले पार्टनर की पर्सनैलिटी, सोच और भविष्य को लेकर उनकी प्लानिंग को बेहतर तरीके से समझ सकें।

1) आपके पैरेंट्स की शादी में आपको क्या पसंद और क्या नापसंद है?

 यह सवाल आपको सामने वाले के परिवार, परवरिश और वैल्यूज को समझने में मदद करेगा।
 इससे आपको यह अंदाजा मिलेगा कि सामने वाला शादी को कैसे देखता है और वह किन चीजों को अपनी शादी में अपनाना या बदलना चाहता है।
 अगर कोई बचपन में किसी ट्रॉमा से गुजरा हो या उसके परिवार में बहुत प्यार और आपसी समझ हो, तो इसका असर उसकी सोच पर जरूर होगा।

 क्यों जरूरी है?
अगर आपका पार्टनर अपने माता-पिता के रिश्ते में कुछ खास चीजें पसंद नहीं करता है, तो संभव है कि वह अपनी शादी में उन गलतियों को नहीं दोहराएगा।

2) शादी के बाद हम जिम्मेदारियां कैसे बांटेंगे?

 रिश्ते को सफल बनाने के लिए शादी के बाद की जिम्मेदारियों को समझना और उन्हें बांटना बहुत जरूरी है।
 आप अपने पार्टनर से पूछ सकते हैं कि वह घर के कामों में कितनी भागीदारी निभाएगा और क्या वह जॉब और परिवार के बीच बैलेंस बना पाएगा।
 फाइनेंशियल मैनेजमेंट, घर के काम, बच्चों की परवरिश और अन्य जिम्मेदारियों को लेकर क्या उसकी कोई खास सोच है?

 क्यों जरूरी है?
अगर पार्टनर यह सोचता है कि सारी जिम्मेदारी सिर्फ एक व्यक्ति पर होनी चाहिए, तो भविष्य में असंतुलन की स्थिति आ सकती है।

3) आप शादी क्यों करना चाहते हैं?

 यह सबसे जरूरी सवाल है, जिससे यह समझने में मदद मिलेगी कि सामने वाला सिर्फ समाजिक दबाव में शादी कर रहा है या उसे सच में एक साथी की जरूरत है।
 अगर कोई व्यक्ति सिर्फ समाज, फैमिली प्रेशर या स्टेटस बनाए रखने के लिए शादी कर रहा है, तो इससे रिश्ते में समस्याएं आ सकती हैं।
 यह भी जानना जरूरी है कि पार्टनर शादी को दोस्ती, सपोर्ट और टीम वर्क की तरह देखता है या नहीं।

 क्यों जरूरी है?
अगर पार्टनर का जवाब सिर्फ पारिवारिक दबाव या उम्र के कारण शादी करने का संकेत देता है, तो यह भविष्य में समस्याएं पैदा कर सकता है।

4) जब घर में किसी से बहस होती है तो आप कैसे डील करते हैं?

 शादी के बाद हर रिश्ते में कभी न कभी मतभेद या बहस होती है।
 इस सवाल से आपको यह समझने में मदद मिलेगी कि सामने वाला किसी भी टकराव को कैसे संभालता है – गुस्से में रिएक्ट करता है या शांत तरीके से सुलझाने की कोशिश करता है।
 क्या वह अपनी बात मनवाने के लिए गुस्से का इस्तेमाल करता है, या फिर वह बातचीत से चीजों को हल करना पसंद करता है?

 क्यों जरूरी है?
अगर पार्टनर का गुस्सा बहुत जल्दी भड़क जाता है या वह लड़ाई को इग्नोर करने की कोशिश करता है, तो यह भविष्य में रिश्ते के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

5) आप किस तरह के लोगों के साथ कनेक्ट महसूस करते हैं?

 यह सवाल पार्टनर की पर्सनैलिटी, सोशल बिहेवियर और इमोशनल इंटेलिजेंस को समझने में मदद करेगा।
 क्या वह इंट्रोवर्ट है या एक्सट्रोवर्ट? क्या उसे ज्यादा दोस्त बनाना पसंद है या वह सीमित लोगों के साथ ही खुश रहता है?
 अगर किसी के ज्यादा दोस्त नहीं हैं, तो यह उसकी सोशल स्किल्स के बारे में भी बता सकता है।

 क्यों जरूरी है?
अगर आपके और पार्टनर के सोशल बिहेवियर में बहुत अंतर है, तो आगे चलकर इससे परेशानी हो सकती है।