पिछली सरकारों में शाम ढलते ही लूट लिए जाते थे व्यापारी, भाजपा ने दी सुरक्षा : योगी

औरैया, 27 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अजीतमल के जनता महाविद्यालय के मैदान में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करने पहुंचे। उन्होंने विपक्षियों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में इटावा सहित पूरे प्रदेश में लूट लिए जाते थे व्यापारी, भाजपा सरकार के आने से व्यापारियों को सुरक्षा मिली। उन्होंने सुरक्षा व सुशासन के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करते हुये केन्द्र में पुनः भाजपा सरकार बनाने की अपील की।

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि आज भारत में कही पटाका भी फूटता है तो पाकिस्तान अपनी सफाई देता है। जबकि पहले की सरकारों में ऐसा नहीं होता था। देश में दंगे और आतंकी हमले होते थे। पिछली सरकारें आतंकवाद को संरक्षण देती थी। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में गाय भी सुरक्षित नहीं थी। आय दिन गौकशी के मामले सामने आते थे। विपक्षी अभी भी कहते हैं कि मुसलमानों को गौकशी करने की खुली छूट दो, लेकिन हम ऐसा कभी नहीं करने देंगे।

योगी ने कहा कि भाजपा ने अयोध्या और काशी जैसे तीर्थस्थलों का विकास कराया है। प्रभु राम का भव्य मन्दिर बनवाया, अब मथुरा की तैयारी है। पिछली सरकारों में व्यापारी सुरक्षित नहीं था। शाम ढलते ही व्यापारियों के साथ लूट आदि की घटनाऐं होना आम बात थी। बीजेपी सरकार बनते ही व्यापारियों की पूरी सुरक्षा की गयी है और भारतीय जनता पार्टी कहती है कि व्यापारियों का सम्मान करो और उनको सुरक्षा दो। सूबे की भाजपा सरकार में व्यापारी अपने को सुरक्षित महसूस कर रहा है।

वही पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल रहे कल्याण सिंह के निधन पर किसी सपाई द्वारा शोक संवेदन व्यक्त न करने पर योगी ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि हम सपा प्रमुख मुलायम सिंह के निधन पर स्वयं एवं भाजपा पदाधिकारी उनके घर गये थे। वही पूर्व मुख्यमंत्री माफियाओं के घर फतवा पढ़ने जाते है। उन्होंने कहा कि भरतीय जनता पार्टी ने प्रो0 रामशंकर कठेरिया को एक बार पुनः इटावा लोकसभा से टिकट दिया है। वह हमारे पुराने मित्र है। हम लोग ने साथ साथ संसद में रहे हैं। उन्होेने कहा कि जब वह कैबिनेट मंत्री थे, जो कहता थे वह मानते थे। आज मैं आप लोगों से निवेदन कर रहा है आने वाली 13 मई को रामशंकर कठेरिया केा वोट देकर पिछली बार से अधिक मतों से विजयी बनाये।

मुख्यमंत्री के समक्ष सपाई हुये भाजपा में शामिल

समाजवादी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए अवधेश भदौरिया के साथ लगभग एक सैकड़ा लोग पार्टी में शामिल हुए। इनमें रज्जन तिवारी, राजू चौहान, मुकेश शर्मा, रमेश चंद्र शर्मा, नाथूराम शर्मा, रानी शर्मा, विवेक कुशवाहा, कुलदीप सिंह तोमर, राहुल पाल, गणेश सिंह भदोरिया, शिवेंद्र सिंह राजावत, तीरथ सिंह कुशवाहा, ऋषि बघेल, रिंकू पाल आदि प्रमुख रहे। वही अवधेश भदौरिया ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रतीक चिन्ह भेंटकर पार्टी की जीत के लिए जी-जान से लगने और प्रत्याशी की जीत के लिए आश्वस्त किया।