नागदा: बहुराष्ट्रीय लैंक्सेस कंपनी में श्रमिक की दोनों अंगुलियां कटी, प्रबंधन ने झाड़ा पल्ला

नागदा, 18 अप्रैल (हि.स.)। बहुराष्ट्रीय कंपनी के द्धारा उज्जैन जिले में संचालित लैंक्सेस उद्योग में गुरूवार सुबह हुई दुर्घटना में एक श्रमिक घायल हुआ। घायल श्रमिक के हाथ की दोनों अंगुलियां क्षतिग्रस्त हुई है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला मुख्यालय उज्जैन के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के डिप्टी डायरेक्टर अरविंद कुमार शर्मा ने हिंस संवादाता नागदा से मोबाइल पर हुई बातचीत में लैंक्सेस उद्योग में दुर्घटना होने की पुष्टि की है। उन्होंने घायल की दोनों अंगुलियों के अग्र भाग क्षतिग्रस्त होने की बात कहीं। यह भी कहा जांच के बाद प्रबंधन की गलती सामने आई तो दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह लगभग साढे सात बजे कोजन प्लांट में हुआ। दुर्घटना में ठेका श्रमिक राजेश यादव घायल हुआ है। यह ठेकेदार जगदंबा के अधीन कार्यरत था।

प्रबंधन ने झाड़ा पल्ला

इस दुर्घटना के बारे में उद्योग प्रबंधन के हवाले से निलेश मेहता नामक व्यक्ति के मोबाइल से व्हाटस पर पक्ष सामने आया है। जिसमें उद्योग में दुर्घटना होने की बात तो स्वीकार की गई लेकिन यह स्पष्ट किया गया हैकि लैंक्सेस ने चोट का इलाज करने के लिए जितना आवश्यक था उससे अधिक प्रयास किया, लेकिन उससे अधिक उसकी जिम्मेदारी नहीं है, ठेकेदार और अनुबंधित कर्मचारी जो घायल है के बीच सांमजस्य से पीड़ित का उपचार होगा। एक बड़ा गैर जिम्मेदाराना पक्ष यह भी रखा कि मशीन आपरेट करते वक्त कोई समस्या आने पर मशीन को बंद करके प्रक्रिया की जाना थी। यह कर्मचारी की गलती थीकि उसने मशीन को बंद किए बिना प्रक्रिया, जिसका पालन करने की आवश्यकता है। अब सवाल यह उठ रहा है कि एक ठेकेदार का श्रमिक स्थाई नेचर का कार्य प्रोसेस में कैसे कर रहा था।