हिमाचल में भीष्ण गर्मी के बीच बरसे बादल, लुढ़का पारा

739f5389c5006bafd3caae029d45f5d7

शिमला, 25 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से चल रही उमस भरी गर्मी के बाद बुधवार को मौसम का मिजाज अचानक बदला और अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ हुई बारिश ने लोगों को राहत दी। सिरमौर, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा और ऊना जिलों में कुछ स्थानों पर दिन में बादल बरसे। हमीरपुर के सुजानपुर उपमंडल में भारी बारिश हुई। मौसम में आए बदलाव से अधिकतम तापमान में गिरावट आई और भीषण गर्मी से झुलस रहे लोगों को चौन की सांस दी। इस दौरान कहीं-कहीं आसमान में बिजली भी खूब चमकी।

राजधानी शिमला में भी बाद दोपहर झमाझम बारिश हुई, जिससे यहां का मौसम सुहावना हा गया। अन्य हिल्स स्टेशनों मनाली, डल्हौजी, कुफरी इत्यादि में भी गर्मी का असर कम रहा। राज्य में पिछले तीन-चार दिनों से मई महीने की तर्ज पर गर्मी पड़ रही थी। ऊना में पिछले कल दिन का पारा 38 डिग्री सेल्सियस पार कर गया था। कांगड़ा और शिमला में अधिकतम तापमान ने पिछले कई सालों का रिकार्ड तोड़ दिया।

10 जिलों में येलो अलर्ट, मेघ गर्जना और आसमानी बिजली गिरने की चेतावनी

इस बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे यानी 26 सितंबर को भी मैदानी व मध्यपर्वतीय क्षेत्रों में मेघ गर्जन और आसमानी बिजली के साथ बारिश की चेतावनी दी है। इसे लेकर लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर शेष 10 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है। खासकर आंधी और बिजली के चलते सतर्क रहने को कहा है।

विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि 27 से 29 सितंबर तक भी मौसम खराब बना रहेगा। हालांकि इस दौरान किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 31 सितंबर और पहली अक्तबूर को समूचे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार मानसून अंतिम चरण में है और अक्तूबर के पहले सप्ताह में इसके प्रदेश से विदा होने के आसार हैं।

सिरमौर के धौलाकूआं में सबसे ज्यादा वर्षा

बुधवार सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे के मध्य सिरमौर जिला के धौलाकूआं में 35 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं बीते 24 घंटों के दौरान मैलराव में 12 और रामपुर में चार मिलीमीटर बारिश हुई है।

शिमला का पारा चार डिग्री लुढ़का, ऊना के तापमान में भी आई गिरावट

बादलों के बरसने से राज्य का औसतन अधिकतम तापमान दो डिग्री लुढ़क गया। वहीं राजधानी शिमला के पारे में चार डिग्री की गिरावट आई। शिमला में पिछले कल अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस था, जो आज 24.2 डिग्री रिकार्ड हुआ। इसी तरह उना में पारा 34.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो एक दिन पहले 38 डिग्री पार कर गया था। इसके अलावा सुंदरनगर में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री, भुंतर में 33.8 डिग्री, कल्पा में 24.2 डिग्री, नाहन में 29.2 डिग्री, केलांग में 26.8 डिग्री, मनाली में 26.2 डिग्री, कांगड़ा में 32.2 डिग्री, मंडी में 30.9 डिग्री, बिलासपुर में 34.2 डिग्री, चंबा में 33.3 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 27 डिग्री, भरमौर में 28 डिग्री, सियोबाग में 30.9 डिग्री, कसौली में 23.3 डिग्री, मशोबरा में 25.4 डिग्री, सैंज में 29.7 डिग्री सेल्सियस रहा।