आगरा में महिला पर पति और ससुराल वालों का अत्याचार, पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

Woman Demo

आगरा के महिला थाने में एक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि उसका पति नशीली गोलियां खिलाकर हाथ-पैर बांधकर शारीरिक शोषण करता था, और जब उसने विरोध किया तो उसे बुरी तरह से पीटा गया।

2019 में हुई थी शादी, तब से जारी था उत्पीड़न

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी नवंबर 2019 में राजस्थान के एक युवक से हुई थी। शादी के बाद से ही पति और अन्य ससुराल वाले उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। जब भी उसने अपने मायके में शरण ली, तो परिजन उसे वापस ससुराल भेज देते थे। उसने पति के साथ रहने से इनकार किया, तो उसे और भी ज्यादा उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। पति धमकी देता था कि ‘अगर मेरी नहीं हुई, तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा।’

कमरे में बंद कर बेरहमी से पिटाई

महिला ने आरोप लगाया कि 14 फरवरी को उसके पति और अन्य ससुरालवालों ने उसे एक कमरे में बंद कर लाठी, डंडे और लोहे की सरिया से पीटा। वह दर्द से चीखती रही, लेकिन किसी को उस पर रहम नहीं आया। मारपीट के बाद उसे कमरे में कैद कर दिया गया।

बेटी के साथ जान बचाकर भागी

पीड़िता ने बताया कि उसने किसी तरह मौका देखकर अपनी बेटी के साथ घर से भागकर जान बचाई। ससुरालवालों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह उनकी नजरों से बचकर निकलने में सफल रही। ससुराल वालों ने उसे थाने तक न पहुंचने देने के लिए भी हर संभव कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह छिपते-छिपाते महिला थाने तक पहुंच गई।

पुलिस को सुनाई आपबीती, मामला दर्ज

महिला ने थाने पहुंचकर अपनी दर्दनाक आपबीती पुलिस को सुनाई। उसने यह भी बताया कि उसके मायकेवाले भी अब उसकी बात सुनने को तैयार नहीं हैं। पुलिस ने उसकी शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। महिला थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि केस दर्ज कर लिया गया है और अब साक्ष्य संकलन कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।