IMD Rainfall Alert: इन 12 राज्यों में होगी भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

भारी बारिश का पूर्वानुमान और मानसून अपडेट 13 जून: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपनी ताजा रिपोर्ट में कहा है कि अगले 3 दिनों के दौरान महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं। मौसम एजेंसी ने अनुमान लगाया है कि पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम समेत 12 राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। साथ ही कहा है कि उत्तर भारत के कई राज्यों में लू चलेगी। आईएमडी ने उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान में भी लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।

आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, 13-17 जून के दौरान उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू से लेकर भीषण लू चलने की संभावना है। 13 और 14 तारीख को पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय इलाकों, बिहार, झारखंड में लू चलने की संभावना है। अगले 5 दिनों के दौरान उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली के कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना है। अगले दो दिनों तक उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, उत्तर-पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और ओडिशा में लू चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले 5 दिनों के दौरान 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ में हल्की बारिश होगी। आईएमडी के मुताबिक, 1 जून को मौसम शुरू होने के बाद से भारत में सामान्य से एक फीसदी कम बारिश हुई है।

इन राज्यों में बारिश की संभावना

आईएमडी के अनुसार अगले पांच दिनों के दौरान मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तेलंगाना में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है। 13-16 जून के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है।

इन राज्यों में चलेगी भीषण गर्मी

मौसम अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और ओडिशा जैसे उत्तरी और पूर्वी राज्यों में चार-पांच दिनों तक लू चलने की संभावना है। नाम न बताने की शर्त पर अधिकारी ने बताया कि मौसम के मॉडल गर्मी से जल्द राहत मिलने के संकेत नहीं दे रहे हैं। मानसून में देरी का असर मैदानी इलाकों के तापमान पर पड़ेगा।

मानसून के आगमन में देरी

मौसम विभाग के दो वरिष्ठ अधिकारियों ने न्यूज एजेंसी से बात करते हुए दावा किया है कि पश्चिमी क्षेत्रों में समय से पहले मानसून के पहुंचने के बाद इसकी गति कमजोर पड़ गई है। मुंबई में मानसून तय समय से करीब दो दिन पहले पहुंचा, लेकिन मध्य और उत्तरी राज्यों में इसके आने में देरी हो सकती है। उत्तरी राज्यों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और 46 डिग्री सेल्सियस (108 डिग्री फारेनहाइट से 115 डिग्री फारेनहाइट) के बीच है। जो सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस से 5 डिग्री सेल्सियस (5 डिग्री फारेनहाइट और 9 डिग्री फारेनहाइट) ज्यादा है।