IMD Rain Alert: अगले पांच दिनों तक इन राज्यों में होगी भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Rain Alert, Weather Update Monsoon: महाराष्ट्र समेत कुछ राज्यों में अगले पांच दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने वाली है। उत्तर भारत में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने यह जानकारी दी है। मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि महाराष्ट्र, तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक इलाकों में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश होगी। इसके अलावा उत्तर पश्चिम भारत में 9 जून से हीटवेव का नया दौर आने वाला है। इसके अलावा पूर्वी, पूर्वी मध्य, उत्तर प्रदेश, पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश में अगले पांच दिनों तक हीटवेव जारी रहेगी। वहीं, मानसून को लेकर अच्छी खबर यह है कि यह अब कई अन्य राज्यों की ओर आगे बढ़ गया है।

बीते दिन के मौसम की बात करें तो दक्षिणी उत्तर प्रदेश के इलाके में लू चली। हरियाणा, दिल्ली, दक्षिणी उत्तर प्रदेश, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, दक्षिण-पश्चिमी बिहार जैसे राज्यों में अधिकतम तापमान 43-46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। उत्तर प्रदेश के झांसी में अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, तटीय कर्नाटक, कोंकण, गोवा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश हुई।

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून को लेकर मौसम विभाग ने कहा है कि आज यह दक्षिणी महाराष्ट्र, तेलंगाना, दक्षिणी छत्तीसगढ़ और ओडिशा तथा तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में पहुंच गया है। वहीं, आने वाले दो से तीन दिनों में मॉनसून मुंबई, तेलंगाना आदि समेत महाराष्ट्र के बाकी इलाकों में भी दस्तक देने वाला है।

अन्य राज्यों में बारिश की बात करें तो अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम में अगले सात दिनों तक बारिश होने वाली है। इसके अलावा कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, कर्नाटक, केरल, माहे, लक्षद्वीप, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में अगले पांच दिनों तक बारिश होने वाली है। वहीं, बिहार, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ में चार से पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों की बात करें तो 8 और 9 जून को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश, आंधी की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, राजस्थान में 8 और 9 जून को धूल भरी आंधी चलने वाली है।