IMD ने 5 दिन तक भारी बारिश का जताया अनुमान, जानें मौसम का हाल

मुंबई में मानसून की एंट्री जोरदार होने वाली है। खबर है कि इस हफ्ते महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। साथ ही कुछ जिलों में रेड अलर्ट भी जारी किया गया है। देश की आर्थिक राजधानी में आमतौर पर मानसून 11 जून तक आ जाता है। खास बात यह है कि साल 2021 और 2018 में भी मुंबई में मानसून दो दिन पहले ही आ गया था।

सोमवार को मुंबई शहर की कई तस्वीरें भी सामने आईं, जिनमें दिख रहा है कि जलभराव के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा रविवार को भारी बारिश के कारण पड़ोसी महाराष्ट्र के पालघर जिले में सड़क का एक हिस्सा ढह गया, जिसके कारण रविवार सुबह मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर चार घंटे से अधिक समय तक यातायात प्रभावित रहा।

मूसलाधार बारिश होगी

आईएमडी यानी मौसम विभाग ने सोमवार 10 जून को कोंकण, गोवा, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और तटीय आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, रत्नागिरी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पालघर, ठाणे, मुंबई और रायगढ़ के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

आईएमडी के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि आमतौर पर यह 11 जून तक आ जाता है, लेकिन पिछले साल अरब सागर में चक्रवात ‘बिपरजॉय’ के कारण यह 24 जून को आ गया था। आईएमडी ने कहा, ‘मुंबई में गरज के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की उम्मीद है। रायगढ़ और रत्नागिरी जैसे पड़ोसी इलाकों में अत्यधिक बारिश होने की संभावना है।’

इमारत का एक हिस्सा ढह गया

मुंबई में पांच मंजिला निर्माणाधीन इमारत का एक हिस्सा गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। नगर निगम के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि यह हादसा विक्रोली इलाके के कैलाश बिजनेस पार्क में रविवार रात 11 बजकर 10 मिनट पर हुआ। अधिकारी ने बताया कि रविवार रात मुंबई के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई।