कांग्रेस और वाईएसआरसीपी की पहचान भ्रष्टाचार और माफिया राज : नरेन्द्र मोदी

नई दिल्ली, 06 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस और वाईएसआरसीपी की पहचान भ्रष्टाचार और माफिया राज है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने पहले ही हार स्वीकार कर ली है और आंध्र प्रदेश के लोगों ने वाईएसआर कांग्रेस को पूरी तरह से खारिज कर दिया है।

प्रधानमंत्री ने आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी और अनाकापल्ले में दो विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 13 मई को आप अपने वोट से आंध्र प्रदेश की विकास यात्रा में एक नया अध्याय शुरू करेंगे। लोकसभा चुनाव के साथ-साथ आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी एनडीए निश्चित तौर पर कीर्तिमान स्थापित करेगा। यह विकसित आंध्र प्रदेश और विकसित भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।

ईडी की छापेमारी पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जब मोदी उनकी काली कमाई पकड़ते हैं तो वे दाएं-बाएं मोदी को कोसते हैं। लेकिन मोदी को इनकी नहीं बल्कि गरीबों की चिंता है। वो गरीब जिसका पैसा इन भ्रष्टाचारियों ने लूटा है, उसे लौटाया जाएगा। किसी भी गरीब व्यक्ति के अधिकारों को कुचला नहीं जाएगा, यह मोदी की गारंटी है।

मोदी ने इंडी गठबंधन की जमकर आलोचना करते हुए कहा कि झारखंड के मंत्री के पीएस के घर से नोटों के ढेर बरामद हुए, ये जनता से चुराया गया पैसा है। ये पहली बार नहीं है। इससे पहले एक कांग्रेस सांसद के यहां से नोटों का इससे भी बड़ा पहाड़ मिला था। इतने सारे नोट थे कि मशीनें भी उन्हें गिनते-गिनते थक गईं। उन्होंने कहा, “आखिर ऐसा क्यों है कि जिनके पास से भी नोटों के ये पहाड़ मिलते हैं वो कांग्रेस की फर्स्ट फैमिली के करीबी होते हैं?”

कांग्रेस और वाईएसआर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस चुनाव में एक तरफ कांग्रेस पार्टी है और दूसरी तरफ वाईएसआर कांग्रेस है। कांग्रेस नेताओं ने नतीजों से पहले ही यहां हार मान ली है। वहीं आंध्र प्रदेश की जनता ने वाईएसआर कांग्रेस को भी पूरी तरह से खारिज कर दिया है। आंध्र प्रदेश में वाईएसआर कांग्रेस को पूरे पांच साल का मौका मिला। उन्होंने ये पांच साल बर्बाद कर दिए और आंध्र को विकास में भी पीछे धकेल दिया।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आपको कांग्रेस से भी उतना ही सतर्क रहने की जरूरत है। याद कीजिए, 10 साल पहले कांग्रेस ने देश को कहां नेतृत्व दिया था। जब कांग्रेस केंद्र में सत्ता में थी, तो भारत घोटालों के लिए जाना जाता था।

पीएम मोदी ने आंध्र प्रदेश की समृद्ध विरासत और महान एनटीआर गारू के साथ इसके जुड़ाव को रेखांकित किया, जिन्होंने भगवान राम के चरित्र को लोकप्रिय बनाया। उन्होंने भाजपा द्वारा भव्य राम मंदिर के निर्माण के साथ 500 साल पुराने सपने के पूरा होने पर प्रकाश डाला।