गरीब जोड़ों को मिलाकर कमाता हूं महापुण्य : अशोक साहू

रांची, 08 मार्च (हि. स.)। बड़गांई के श्रीश्री पंचदेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर श्री हनुमान क्लब के तत्वावधान में शुक्रवार को सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। इसमें 10 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। विवाह के लिए वर और कन्या पक्ष परिवार काफी उत्साहित थे। पूर्वाहन 10:30 बजे श्री श्री पंचदेव मंदिर प्रांगण से वर पक्ष की ओर से सामूहिक बारात निकाली गई, जो बड़गांई चौक तक भ्रमण करते हुए वापस पहुंचा। इसके बाद वरमाला के बाद विवाह संपन्न हुए। सभी कन्याओं के माता-पिता ने कन्यादान किये। दंपतियों ने समाज के सभी उपस्थित गणमान्य लोगों को पांव छुकर आशीर्वाद प्राप्त किये। भोजन के बाद अंत में कन्याओं को साजोसमान के साथ विदाई दी गयी।

सामूहिक विवाह समारोह के आयोजन समिति के उपाध्यक्ष अशोक साहू ने कहा गांव के दिवंगत पूर्वजों के नाम यह विवाह समारोह आयोजित किया गया था। उन्होंने कहा सभी 10 दंपतियों के माता-पिता अत्यंत ही गरीब परिवार से हैं, जो अपने बच्चों के विवाह करने में असमर्थ थे। उन्होंने कहा ऐसे वर एवं कन्या पक्ष वाले उनसे विवाह के लिए संपर्क किये। बाद में शुभ मुहूर्त देकर विवाह संपन्न कराया गया। उन्होंने कहा कि गरीब जोड़ों को मिलाकर महापुण्य कमाता हूं।