पति ने गला घोंटकर पत्नी को मार डाला, खुद भी दे दी जान

Crime 442

देहरादून, 29 मार्च (हि.स.)। देहरादून में एक बड़ी घटना सामने आई है। पत्नी की हत्या करने के बाद पति ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होने पर परिवार में हड़कंप मच गया।

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जनपद के निघासन थाना के अंतर्गत दवाई पूर्व निवासी ज्ञानप्रकाश अपनी पत्नी रामबेटी के साथ देहरादून में चकशाह नगर नेहरू कॉलोनी में रहता था। पेंट पुताई के साथ मजदूर का काम करता था। गुरुवार को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने लक्सर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची जीआरपी लक्सर ने मृतक के पास मिले मोबाइल से उसके परिजनों का नंबर लेकर उनसे संपर्क किया तो मृतक की शिनाख्त हुई। मृतक के परिजनों ने लखीमपुर से मृतक के फूफा को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे फूफा ने मृतक के कमरे में जाकर देखा तो कमरा बंद था। पुलिस को बुलाकर कमरा खोलने पर मृतक ज्ञानप्रकाश की पत्नी रामबेटी कमरे में मृत अवस्था में पाई गई। मृतका के गले पर गला घोटने के निशान हैं। दोनों की शादी को सात वर्ष हुए थे।

आसपास के लोगों के अनुसार दोनों में अक्सर कहासुनी होती रहती थी। प्रथम दृष्टया प्रकाश में आया है कि पत्नी की हत्या करने के उपरांत लक्सर में जाकर ज्ञानप्रकाश ने खुदकुशी कर ली है। घटना के संबंध में मृतक के फूफा बलराम पुत्र रामचंद्र निवासी बेलरायां थाना तिकुनिया जिला लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश ने थाना नेहरू कॉलोनी में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।