हिसार: पृथ्वी को प्रदुषण रहित रखना हम सभी का कर्तव्य : प्रो. बीआर कम्बोज

हिसार, 22 जनवरी (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने कहा है कि प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण पर्यावरण में असंतुलन बढ़ रहा है जिसकी वजह से स्थिति दयनीय होती जा रही है। उन्होंने कहा कि पृथ्वी को प्रदूषण रहित रखना हम सभी का कर्तव्य है। वे सोमवार को विश्वविद्यालय में भू-दृश्य संरचना इकाई की ओर से संपदा कार्यालय के सामने विश्व पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम के अवसर पर संबोधन दे रहे थे।

उन्होंने कार्यक्रम में पौधारोपण करके विश्व पृथ्वी दिवस पर सभी को पौधारोपण करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि हर वर्ष 22 अप्रैल को विश्व पृथ्वी दिवस मनाया जाता है। पहली बार 22 अप्रैल 1970 को विश्व पृथ्वी दिवस मनाया गया था। इस वर्ष पृथ्वी दिवस का थीम ‘प्लेनेट बनाम प्लास्टिक’ है जिसका मुख्य उद्देश्य प्लास्टिक प्रदूषण से प्रकृति को होने वाले नुकसान के बारे में सचेत करना है। एक अनुमान के मुताबिक 90 प्रतिशत प्लास्टिक रिसाइकिल नहीं हो पाता है जो पर्यावरण के लिए घातक है। ऐसे में हमें पृथ्वी के प्रति अपने कर्तव्यों को समझना पड़ेगा और इसे बेहतर बनाने में योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि लगातार वृक्षों की कटाई, प्राकृतिक संसाधनों का अंधाधुंध दोहन, रासायनिक खाद व कीटनाशकों का अत्याधिक प्रयोग व प्लास्टिक के प्रयोग से हमारी धरती का स्वरूप एवं पर्यावरण दूषित होता जा रहा है। ऐसे में इसे बचाए रखने के लिए समाज को अहम कदम उठाते हुए सामूहिक प्रयासों की जरूरत है।

प्रो. कम्बोज ने कहा कि दिन-प्रतिदिन बढ़ते जा रहे पर्यावरण प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए पौधारोपण करना बहुत जरूरी है। पृथ्वी को स्वस्थ व पहले की तरह बनाने के लिए हम सभी का कर्तव्य है कि अपनी धरती को हरा-भरा और बेहतर बनाने का संकल्प लेना पड़ेगा ताकि संसार के सभी पेड़-पौधों पशु-पक्षियों एवं जंतुओं की जैव विविधता का संरक्षण किया जा सके।

विश्व पृथ्वी दिवस पर विश्वविद्यालय परिसर में जकरंदा के 200 पौधे किए रोपित

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के भू-दृश्य संरचना इकाई के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि पौधारोपण कार्यक्रम के तहत जकरंदा के 200 पौधे रोपित किए गए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी महाविद्यालयों के अधिष्ठाता, निदेशक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और पौधारोपण भी किया।