हिसार: भाजपा सरकार के रहते लोेकतंत्र पूरी तरह से खतरे में: मनोज राठी

Manoj Rathi 88

हिसार, 22 मार्च (हि.स.)। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज राठी ने कहा है कि देश की भाजपा सरकार के रहते लोकतंत्र पूरी तरह से खतरे में है। विपक्षी पार्टियों व आम जनता को समय रहते एकजुट होकर लोेकतंत्र बचाने में अपना सहयोग देना चाहिए अन्यथा बहुत देर हो जाएगी।

कांग्रेस नेता मनोज राठी ने शुक्रवार को कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार इंडिया गठबंधन से पूरी तरह से डरी हुई है और विपक्षी पार्टियों व नेताओं पर कार्रवाई इसका जीता जागता सबूत है। उन्होंने कहा कि तानाशाही का इससे बड़ा उदाहरण क्या होगा कि एक चुने हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अपराधी की तरह गिरफ्तार कर लिया जाता है। विपक्षी पार्टी कांग्रेस के खाते फ्रीज कर दिए जाते हैं, ताकि वे चुनाव न लड़ सके। उन्होंने कहा कि ऐसा करना न तो रूटीन की कार्रवाई है और न ही मोदी सरकार की महानता है। यह केवल मोदी सरकार का डर है, जो उन्हें आने वाले लोकसभा चुनाव से लग रहा है। वास्तव में 400 पार का नारा देने वाली पार्टी की असलियत अब खुलकर सामने आ गई और यह साफ हो गया है कि 400 पार का नारा देने वाली पार्टी को सत्ता जाने का डर सताने लगा है। यही कारण है कि अब केन्द्र की भाजपा सरकार ने विपक्षी पार्टियों व नेताओं को निशाना बनाना शुरू कर दिया है।

कांग्रेस नेता मनोज राठी ने भाजपा से सवाल किया कि जब उसकी सीटें 400 से अधिक आ रही है तो वह डरी हुई क्यों है, क्यों नहीं भाजपा लोकतंत्र को सलामत रहने देना चाहती, क्यों विपक्षी दलों के खाते फ्रीज कर रही है, क्यों विपक्षी पार्टी के मुख्यमंत्री को अपराधी की भांति गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की यह कार्रवाई उसके डर का प्रतीक है और फिल्मों में भी देखते हैं जो तानाशाही करता है, उसे ही डर लगता है। उन्होंने कहा कि देश में लाेकतंत्र खतरे में है।