हिसार : पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के बयान पर बिफरा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ

हिसार, 29 मई (हि.स.)। बुधवार को हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ ने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के उस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया जताई है, जिसमें उन्होंने चुनाव ड्यूटी में कर्मचारियों पर लापरवाही व पक्षपात का आरोप लगाया है। संगठन का कहना है कि कर्मचारियों ने अपनी ड्यूटी पूरी निष्पक्षता व पारदर्शिता के साथ की है और उनको धमकी देना निंदनीय है।

इस संबंध में हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ की बैठक बुधवार को डिपो प्रधान अजय दुहन की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कहा गया कि केन्द्र व प्रदेश सरकार की जनविरोधी व कर्मचारी विरोधी नीतियों से हर वर्ग दुखी है। ऐसे में लोकसभा चुुनाव में जब भाजपा को वोट नहीं मिला तो इसके नेता बौखला गए हैं। अब वे कर्मचारियों को कार्रवाई करने की सरेआम धमकियां देने लगे हैं जबकि ऐसा कोई आधार नहीं है। संगठन ने कहा कि कर्मचारियों ने दिन-रात एक करके लोकतंत्र के इस महापर्व को सम्पन्न करवाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने की जगह पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल उन्हें धमकियां दे रहे हैं, जो निंदनीय है।

संगठन नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का हल न करना, समय-समय पर कर्मचारियों द्वारा किए गए आंदोलन के दौरान कर्मचारियों को पुलिस की लाठियां से पिटवाना, आंसू गैस के घोड़े छोड़ना तथा आंदोलन के दौरान कर्मचारियों को प्रताड़ित करने से कर्मचारियों की सरकार के प्रति तो नाराजगी स्वाभाविक है लेकिन किसी पार्टी विशेष के प्रति नहीं।

रोडवेज संगठन के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा यह कहना कि सभी कर्मचारियों व अधिकारियों ने भारतीय जनता पार्टी के साथ भीतरघात किया है, बेहद निंदनीय है। पूर्व मुख्यमंत्री के इस बयान से पूरे कर्मचारी वर्ग में बेहद नाराजगी है। यदि इसी प्रकार से पूर्व मुख्यमंत्री ने बदले की भावना को उजागर किया तो कर्मचारी वर्ग द्वारा वर्तमान सरकार के विरोध आंदोलन के सिवाय कोई रास्ता शेष नहीं रहेगा। संगठन ने कहा कि कर्मचारी बेहद ईमानदारी के साथ अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहता है तथा किसी भी प्रकार की अपनी ड्यूटी के प्रति उदासीनता नहीं दर्शाता। बैठक में डिपो प्रधान अजय दुहन के अलावा सलीम सरसोद, सुभाष ढिल्लो, दर्शन जांगड़ा, अनिल, प्रेस प्रवक्ता मनोज कुमार, जोगिंद्र, पूर्व प्रधान रामबिश्नोई, नागेंद्र, हनुमान जांगड़ा व सुदर्शन सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।