हिसार: अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी मोदी सरकार की तानाशाही की पराकाष्ठा: दलबीर किरमारा

Dalbir Kirmara 805

हिसार, 22 मार्च (हि.स.)। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष दलबीर किरमारा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे केन्द्र की भाजपा सरकार की तानाशाही की पराकाष्ठा बताते हुए कहा कि अपने खिलाफ उठ रही आवाज को दबाने के लिए मोदी सरकार ने ईडी व सीबीआई जैसी संस्थाओं को हथियार बना रखा है।

गिरफ्तारी की निंदा करते हुए दलबीर किरमारा ने शुक्रवार को कहा कि बेवजह विवाद पैदा करके किसी को बदनाम करना भाजपा की पुरानी आदत रही है। वास्तव में लगभग एक-डेढ़ साल की जांच के दौरान ईडी अभी तक पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ न तो सबूत ढूंढ पाई और न ही आरोप तय कर पाई। जब उनके मामले में कुछ नहीं मिला तो एक सोची समझी साजिश के तहत केन्द्र सरकार ने ईडी को इशारा करके मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करवा दिया, जो निंदनीय है। उन्होंने कहा कि दिल्ली व पंजाब में अरविंद केजरीवाल के निर्देशन में सरकारों ने जिस तरह मोहल्ला क्लीनिक, बिजली व पानी फ्री सहित विकास को जो गति दी, उसे भाजपा पचा नहीं पा रही है। यही झेंप मिटाने के लिए केन्द्र सरकार ने अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करवा दिया, जिसकी जितनी निंदा की जाए, कम है।