हिसार: हर साल 56 हजार सैनिक हो रहे रिटायर, भर्तियां न होने से कम हुई सेना: बिशंबर दयाल

हिसार, 17 मई (हि.स.)। रिटायर्ड डिफेंस एक्सपर्ट मेजर जनरल बिशंबर दयाल वीएसएम ने कहा है कि भाजपा सरकार ने जो अग्निवीर योजना चलाई है उससे फौज में भर्ती होने वाले युवाओं को भारी आघात लगा है। उन्होंने कहा कि सरकार की इस योजना से युवाओं में भारी रोष है। क्योंकि भाजपा सरकार ने युवाओं का हक छीनने का काम किया है। वे शुक्रवार को जिला कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि 1947 से लेकर आज तक हरियाणा के लोगों ने विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं ने फौज में महत्वपूर्ण सेवाओं में योगदान दिया है। इन्ही लोगों में से अधिकांश ने देशभक्ति की भावना से देश की सुरक्षा के लिए अपना बलिदान तक दिया। 10वीं और 12वीं करने के बाद जो बच्चे सेना में भर्ती होना चाहते थे, भाजपा ने उन सभी बच्चों के सपनो पर पानी फेर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रजातंत्र के मायने ही खत्म कर दिए हैं। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कहा है कि सत्ता आने पर इस अग्निवीर योजना को खत्म करेंगे और सेना के जवानों को पूरा मान-सम्मान देंगे। उन्होंने कहा कि वन रैंक वन पेंशन कांग्रेस की ही देन है। भाजपा सरकार ने 2014 से 2022 तक नया स्कैल तक नहीं दिया जबकि महंगाई आसमान छू रही है।

मेजर जनरल बिशंबर दयाल ने बताया कि प्रदेशभर के पूर्व सैनिकों ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी का साथ देने का फैसला किया है। एक समय था जब सेना में 5600 से 6000 भर्तियां होती थी और सभी प्रकार की सुविधाएं मिलती थी, आज भाजपा सरकार ने अग्निवीर योजना चलाकर सना में भर्ती होने वाले युवाओं के भविष्य पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र का सेना में विशेष योगदान रहा है। परिवार में एक युवक के भर्ती होने से पूरा परिवार सक्षम होता हैं लेकिन भाजपा ने अग्निवीर योजना चलाकर सब खत्म कर दिया।