एससी, एसटी और ओबीसी का हक छीन कर मुस्लिमों को देना इंडी गठबंधन का हिडेन एजेंडा : अमित मंडल

रांची, 26 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा विधायक सह प्रदेश प्रवक्ता अमित मंडल ने कहा कि एससी, एसटी और ओबीसी का हक छीन कर अपने चहेतों को देना कांग्रेस और इंडी गठबंधन का हिडेन एजेंडा है। इंडी गठबंधन एससी, एसटी और ओबीसी के आरक्षण का लाभ मुस्लिमों को देना चाहती है। कांग्रेस कहती है कि देश के संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों का है जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कहते हैं कि देश के संसाधनों पर पहला हक गरीबों का है। कांग्रेस और भाजपा में यही बड़ा अंतर है।

अमित मंडल शुक्रवार को मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव से सबक साथ-सबका विकास की पक्षधर रही है जबकि कांग्रेस का इतिहास सदैव तुष्टिकरण की राजनीति से भरा रहा है। कांग्रेस को एससी, एसटी और ओबीसी से नफरत है और उनके घोषणापत्र में भी तुष्टीकरण स्पष्ट दिखाई दे रहा है।

मंडल ने कहा कि 09 दिसंबर, 2006 को राष्ट्रीय विकास परिषद के 52वें बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा था कि हमें यह सुनिश्चित करने के लिए नवीन योजनाएं बनानी होंगी कि अल्पसंख्यकों, विशेष रूप से मुस्लिम अल्पसंख्यकों को विकास के लाभों में समान रूप से साझा करने का अधिकार मिले। पहला दावा उनका होना चाहिए। हमें यह सुनिश्चित करने के लिए अभिनव योजनाएं बनानी होंगी कि अल्पसंख्यकों, विशेष रूप से मुस्लिम अल्पसंख्यकों को विकास के लाभों में समान रूप से हिस्सा लेने का अधिकार मिले। संसाधनों पर पहला अधिकार उनका होना चाहिए।

मंडल ने कहा कि इससे एक खास वर्ग के प्रति कांग्रेस के अगाध प्रेम को समझा जा सकता है। मनमोहन सिंह ने यह बयान गलती से नहीं दिया था, बल्कि जानबूझ कर दिया था। क्योंकि 13 अप्रैल, 2009 को मनमोहन सिंह ने मुंबई में प्रेस कांफ्रेंस में एक प्रश्न का जवाब देते हुए फिर अपने बयान को सही ठहराया और कहा कि अल्पसंख्यकों का खासकर मुस्लिमों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए जब बात देश के संसाधनों की आती है।

मंडल ने कहा कि कांग्रेस ने घोषणापत्र में कहा है कि देश में बहुसंख्यकवाद की कोई जगह नहीं है। मतलब उन्हें एससी, एसटी और ओबीसी से सख्त नफरत है। क्योंकि, देश में बहुसंख्यक आबादी इन्हीं गरीब लोगों की है। इन्हीं की साजिशों की वजह से जम्मू-कश्मीर में आजादी के 70 सालों तक एससी, एसटी, ओबीसी आरक्षण के साथ अन्य सामाजिक अधिकारों से वंचित थे।

मंडल ने कहा कि कांग्रेस ने मेनिफेस्टो में कहा है कि जाति जनगणना को हम पूरे देश में इम्प्लिमेंट कर देश का एक्सरे करेंगे, फाइनेंशियल और इंस्टीट्यूशनल सर्वे करेंगे। ये पता लगाएंगे कि हिंदुस्तान का धन किसके हाथों में है, कौन से वर्ग के हाथ में है और इस ऐतिहासिक कदम के बाद हम क्रांतिकारी काम शुरू करेंगे। कांग्रेस के लोग कहते हैं कि आप सबकी संपत्ति की जांच होगी। कांग्रेस की एक्स-रे मशीन अब बहनों-बेटियों की अलमारी में और लॉकर में पहुंचेगी। ये क्रांतिकारी काम यही है कि ये आपका पैसा, आपकी संपत्ति हड़प कर अपने चहेतों को देंगे।