हेमंत सरकार अपनों से डरने वाली सरकार है : बाबूलाल मरांडी

रांची, 5 जुलाई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने शुक्रवार को फिर हेमंत सरकार पर हमला बोला। मरांडी ने कहा कि राज्य की जनता ने पहली बार ऐसी सरकार देखी है जो अपने दल, अपने विधायकों, मंत्रियों से डरती है।

उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार पार्ट 3 में तो यह भय कुछ ज्यादा ही बढ़ गया है, इसीलिए मुख्यमंत्री जल्दीबाजी में अकेले शपथ लेते हैं। कैबिनेट का कोई मंत्री अभी साथ नहीं। भय इतना कि विश्वास मत के बाद की प्रतीक्षा करा दी। उन्होंने कहा कि इसके पहले हेमंत सोरेन उनसे ही डर गए जिनको उन्होंने दबाव में ही सही मुख्यमंत्री बनाया था। मौका मिलते ही जबरदस्ती हटा दिया, ताकि कहीं चंपाई सोरेन उनके रास्ते का कांटा नहीं बन जाए।

उन्होंने आरोप लगाता हुए कहा कि इस सरकार का कार्यकाल ही भय से भाग दौड़ करने में बीत गया। कभी ये विधायकों को लेकर हैदराबाद जाते हैं, कभी रायपुर, तो कभी अपने ही विधायकों पर मुकदमा दर्ज कराते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ऐसी सरकार से जल्द निजात चाहती है।