क्या आप भी गलत समय पर खा रहे हैं केला? सुबह, रात या खाली पेट, जानिए सेहत के लिए केला खाने का सबसे सही वक्त
फलों का राजा कहे जाने वाला केला (Banana) एक ऐसा सुपरफूड है जो एनर्जी से भरपूर होता है और शरीर को तुरंत ताकत देने का काम करता है। यही वजह है कि जिम जाने वाले लोग हों या कामकाजी पेशेवर, हर कोई अपनी डाइट में केले को जरूर शामिल करता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सेहतमंद माना जाने वाला केला यदि गलत समय पर खा लिया जाए, तो यह फायदे की जगह शरीर को भारी नुकसान भी पहुंचा सकता है? लोगों के मन में अक्सर यह सवाल रहता है कि क्या सुबह खाली पेट केला खाना सही है या रात के वक्त इसका सेवन करना चाहिए? आइए हेल्थ एक्सपर्ट्स से जानते हैं केला खाने का सबसे सही और सटीक समय कौन सा है।
सुबह खाली पेट केला खाना कितना सही या खतरनाक?
अक्सर लोग सुबह की भागदौड़ में जल्दबाजी के चक्कर में ब्रेकफास्ट के रूप में खाली पेट केला खा लेते हैं, ताकि तुरंत एनर्जी मिल सके। लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि खाली पेट कभी भी केला नहीं खाना चाहिए। केले में नेचुरल शुगर और मैग्नीशियम की प्रचुर मात्रा पाई जाती है। जब इसे खाली पेट खाया जाता है, तो शरीर में अचानक मैग्नीशियम और शुगर का स्तर तेजी से बढ़ जाता है, जिससे दिल से जुड़ी समस्याएं और पाचन तंत्र पर बुरा असर पड़ सकता है। इसके अलावा जिन लोगों को एसिडिटी या पेट से जुड़ी दिक्कतें हैं, उन्हें खाली पेट केला खाने से गैस और कब्ज की शिकायत हो सकती है।
क्या रात के समय केला खाना चाहिए?
रात के वक्त केला खाने को लेकर भी लोगों के मन में तमाम तरह की शंकाएं रहती हैं। आयुर्वेद और मॉडर्न डाइटिशियन के अनुसार, रात के समय या सोने से ठीक पहले केले का सेवन करने से बचना चाहिए। केला पचने में थोड़ा भारी होता है और इसकी तासीर ठंडी मानी जाती है। रात के समय इसे खाने से कफ, सर्दी-जुकाम और पाचन से जुड़ी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। जिन लोगों को अस्थ या सांस की तकलीफ है, उनके लिए रात में केला खाना नुकसानदायक साबित हो सकता है, क्योंकि यह गले में बलगम बढ़ा सकता है।
जानिए केला खाने का सबसे सही और असरदार समय
अब सवाल यह उठता है कि आखिर केला खाने का सबसे परफेक्ट टाइम कौन सा है? एक्सपर्ट्स के मुताबिक, वर्कआउट (Workout) करने से ठीक पहले या वर्कआउट के बाद केला खाना सबसे बेहतरीन माना जाता है, क्योंकि यह शरीर को तुरंत ऊर्जा प्रदान करता है। इसके अलावा आप इसे दिन के समय स्नैक्स के रूप में, दोपहर के भोजन के बाद या ब्रेकफास्ट के साथ खा सकते हैं। दिन के वक्त मेटाबॉलिज्म तेज होता है, जिससे केला आसानी से पच जाता है और शरीर को इसके सभी पोषक तत्व बिना किसी साइड-इफेक्ट के मिल जाते हैं।