हरीश रावत ने लगाया कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न करने का आरोप

हरिद्वार, 22 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रशासन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए हरीश रावत ने कहा कि राज्य के विभिन्न भागों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किये जाने की सूचनाएं आ रही हैं। मैं प्रशासन तंत्र को सावधान करना चाहता हूं कि राजनीतिक कारणों से यदि कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया गया तो समय हमारा भी आयेगा। इस चुनाव के परिणाम तो बक्से में बंद हैं। लेकिन एक बात साफ दिखाई दे रही है कि कांग्रेस पूरे राज्य में उत्साहित है।

कार्यकर्ताओं का यह उत्साह 2027 में कांग्रेस की वापसी सुनिश्चित करेगा और कांग्रेस सत्ता में आएगी। यदि कार्यकर्ताओं ने उत्पीड़न करने वालों को चिन्हित कर दिया तो बड़ी मुश्किल होगी। हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस ने कभी इस सोच से काम नहीं किया, मगर घाव की पीड़ा के कारण उत्पीड़न करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नजर में खटकते रहेंगे।