हरबंस कपूर की प्रतिमा का अनावरण, कैबिनेट मंत्री जोशी ने स्व. कपूर को बताया अपना राजनीतिक गुरू

देहरादून, 11 जुलाई (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को कौलागढ़ स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में पूर्व विधायक स्व. हरबंस कपूर की स्मृति में निर्मित प्रतिमा का अनावरण किया और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि स्व. कपूर मेरे राजनीतिक गुरू थे। मैं आज जहां हूं सब कपूर साहब की वजह से हूं। उन्होंने कहा कि हरबंस कपूर निरंतर क्षेत्र के विकास को लेकर सक्रिय रहते थे। राज्य के लिए उनके योगदान को हमेशा स्मरण किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि कॉलेज के छात्र-छात्राओं को शीघ्र ही मसूरी भ्रमण कराया जाएगा।

इस दौरान कैंट विधायक सविता कपूर, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री मधु भट्ट, वरिष्ठ नेता विनय गोयल, डॉ. ओपी कुलश्रेष्ठ, मंडल अध्यक्ष सुमित पांडेय, अशोक वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष हरीश कोहली, हरीश नारंग, विक्की खन्ना, बबलू बंसल, कैप्टन भूपाल सिंह, अर्जुन कोहली, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष रीता विशाल, वंदना ठाकुर, कमलराज, पिंकी बिष्ट, पार्षद नंदनी शर्मा, समिधा गुरुंग आदि उपस्थित थे।