झारखंड में बारिश के साथ ओलावृष्टि

रांची, 16 मार्च (हि.स.)। राज्य के लोगों को शनिवार दोपहर बाद हुई बारिश ने बढ़ती गर्मी से राहत दी। रांची समेत बोकारो और रामगढ़ जिले में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। इस दौरान रांची में बारिश के साथ ही ठनका और ओलावृष्टि हुई। साथ ही तेज हवाएं भी चले। आने वाले दिनों में भी राज्य में बारिश जारी रहेगी।

मौसम विज्ञान के अनुसार 20 मार्च तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्से में मध्यम दर्जे की बारिश के साथ ही वज्रपात और तेज हवाएं चलेंगी। जहां 19 मार्च के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, वहीं 19 मार्च को दक्षिणी और मध्य हिस्से में तेज बारिश और हवाओं की संभावना व्यक्त की गयी है।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 20 मार्च तक बारिश में विस्तार देखा जायेगा। इस दौरान राज्य के उत्तरी पूर्वी, दक्षिणी और मध्य हिस्से में बारिश होगी। केंद्र के अनुसार इस दौरान रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां जिला में बारिश होगी। वहीं, 20 और 21 को उत्तर पूर्वी हिस्से जिसमें धनबाद, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा में बारिश की संभावना है।