गुरुग्राम: धंसते फ्लाईओवर खोल रहे सरकार के भ्रष्टाचार की पोल: आशीष दुआ

गुरुग्राम, 6 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव आशीष दुआ ने कहा कि गुरुग्राम में भाजपा सरकार के दौरान बने फ्लाईओवर और अंडरपास के धंसने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। एक बाद एक फ्लाईओवर और अंडरपास के धंसने की घटनाएं भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार के भ्रष्टाचार की पोल खोल रही हें।

शनिवार को जारी बयान में आशीष दुआ ने कहा कि गुरुग्राम में सोहना रोड एलिवेटेड फ्लाईओवर के साथ हीरो होंडा अंडरपास, महाराणा प्रताप चौक फ्लाईओवर, इफको चौक फ्लाईओवर के धंसने की घटनाएं हुई हैं। इससे साबित होता है कि इनके निर्माण में लापरवाही बरती गई है। जो सीधे-सीधे भाजपा सरकार के मंत्री, विधायकों और निर्माण कंपनी की मिलीभगत का नतीजा है। आशीष दुआ ने कहा कि इसी सप्ताह सोहना रोड एलिवेटेड फ्लाईओवर पर 8 मीटर गड्ढा हो गया था। इतनी बड़ी चूक के बावजूद सम्बंधित अधिकारियों या निर्माण कंपनी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि खुद को ईमानदारी का सर्टिफिकेट देने वाली भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। सरकार के इसी भ्रष्टाचार के कारण अब तक हजारों लोग दुर्घटना में अपनी जान गवां चुके है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में मिलेनियम सिटी, साइबर सिटी के नाम से विख्यात गुडग़ांव शहर बदहाली की कगार पर है।