गुरहा बना चोरों का गढ, तीन चोर गिरफ्तार, एक 15 वर्ष बाद धराया

पलामू, 5 जून (हि.स.)। तरहसी थाना क्षेत्र का गुरहा चोरों का गढ बनता रहा है। इस इलाके से लगातार चोर पड़के जा रहे हैं। एक बार फिर तीन चोर पकड़े गए हैं। एक चोर 15 वर्ष बाद धराया है। चोरों के पास से चोरी गया मोटर पंप बरामद किया गया है।

तरहसी थाना क्षेत्र के गुरहा से दो मोटर पंप चोर को गिरफ्तार किया गया है। दोनों चोरों ने 2 जून को सुग्गी गांव में दिलीप कुमार पांडेय पिता राम कठिन पांडेय के खेत से मोटर पंप को खोलकर ले गए थे। मामला दर्ज होने के बाद थाना प्रभारी नीरज कुमार ने कार्रवाई करते हुए इट्टू खां एवं तन्नुम खां को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर चोरी गई मोटर पंप गुरहा में अमानत नदी में बालू में छुपाकर रखे अवस्था मे बरामद की गई।

थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों चोर दिलीप कुमार पांडे के खेत की ओर 2 जून को नजर आए थे। जब मोटर पंप की चोरी हुई तो दिलीप पांडे ने एफआईआर दर्ज कराते हुए उपरोक्त दोनों पर मोटर पंप चुराकर ले जाने का संदेह जताया गया था। उनकी गिरफ्तारी और फिर मोटर पंप बरामद होने से संदेह सही साबित हुआ। मोटर पंप चोरी करने के बाद उसे बेचने की तैयारी में थे। इससे पहले ही पुलिस ने उसे बरामद किया।

दोनों चोरों ने खेत में पहुंचने के बाद रात के अंधेरे में मोटर पंप खोलकर ले भागे थे। जिस दिन घटना हुई उसके एक दिन पहले दिलीप ने अपने खेत में मोटर पंप से सिंचाई की थी। लेकिन अगले दिन जब सिंचाई के लिए पहुंचे तो मोटर पंप संबंधित जगहों पर नहीं मिला था।

चोरी के सामान खरीद बिक्री करने के आरोप में 15 वर्ष से फरार चल रहे एक शातिर आरोपी गुरहा के 38 वर्षीय मोईद खान उर्फ साविल खान को गिरफ्तार किया गया। वह बरवाडीह थाना जिला लातेहार केश सं. 08/2009 का अस्थाई वारंटी था। उसपर चोरी करने एवं चोरी के सामान खरीद बिक्री एवं छुपा कर रखने का मामला दर्ज हुआ था।

थाना प्रभारी नीरज कुमार ने जानकारी दी कि 15 साल से आरोपी फरार चल रहा था। गुप्त सूचना मिलने पर कि आरोपी अपने गांव गुरहा में है, सशस्त्र बल के साथ उसे गिरफ्तार किया एवं बुधवार को लातेहार जिला कोर्ट भेज दिया।