गुनाः लोगों से मिलने में परेशानी से नाराज हुए केन्द्रीय मंत्री सिंधिया, कलेक्टर को लगाई फटकार

गुना, 5 जुलाई (हि.स.)। गुना दौरे पर आए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शुक्रवार को सर्किट हाउस में लोगों से मिलने की व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण नाराज हो गए। उन्होंने इसको लेकर कलेक्टर को फटकार भी लगाई। उन्होंने कलेक्टर से कहा कि जब पहले ही व्यवस्था बनाने के लिए कहा गया था, तो क्यों नहीं बनाई गई। ये नहीं चलेगा। जब मैंने एक सिस्टम बनाने के लिए कहा है तो अगली बार से बनाकर रखिएगा अगली। नागरिकों से मिलने में कोई कठिनाई नहीं होनी चाहिए, आगे से इसका ध्यान रखें।

दरअसल, केंद्रीय मंत्री सिंधिया गुरुवार देर रात दो दिवसीय दौरे पर गुना पहुंचे थे। यहां सर्किट हाउस में उन्होंने रात्रि विश्राम किया और शुक्रवार सुबह उन्होंने नागरिकों से मुलाकात की। इस दौरान उनकी समस्याएं सुनीं और उनके आवेदन लिए। सैकड़ों की संख्या में लोग अपनी समस्या लेकर पहुंचे। लोगों से मिलने के बाद सिंधिया बमोरी के लिए रवाना हो गए।

लोगों से मिलने के लिए सर्किट हाउस में इस बार चाक चौबंद व्यवस्था की गई थी। अंदर की सड़क पर बैरिकेडिंग की गई थी। इसके एक तरफ से होकर लोगों को पीछे खुले मैदान में जाने की अनुमति थी। वहीं दूसरी ओर से केवल जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों को जाने दिया गया। पहली बार इतनी दुरुस्त व्यवस्था सर्किट हाउस में देखने को मिली।

हालांकि, इस व्यवस्था को पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ही ध्वस्त कर दिया। वह प्रशासन की व्यवस्था को तोड़ते हुए दूसरी तरफ से घुस गए, जिसके कारण आम नागरिकों को परेशानी झेलना पड़ी। केंद्रीय मंत्री सिंधिया जब नागरिकों से मिलने पहुंचे तो सब इधर-उधर खड़े थे। वहीं सिंधिया को कार्यकर्ताओं ने ही घेर लिया, जिस वजह से वह नागरिकों से मिल ही नहीं पा रहे थे। सिंधिया ने कलेक्टर से नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि अगली बार से बड़ा पंडाल लगाइए। नागरिकों से मिलने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।