हिसार: अग्रोहा पुरातात्विक स्थल पर ग्राउंड पेनीट्रेटिंग रडार सर्वे आरंभ

हिसार, 11 मार्च (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने सोमवार को हिसार के अग्रोहा पुरातात्विक स्थल पर ग्राउंड पेनीट्रेटिंग रडार (जीपीआर) सर्वेक्षण कार्य का शुभारंभ किया। हाल ही में अग्रोहा पुरातात्विक स्थल को विकसित के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) और हरियाणा पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के बीच समझौता हुआ था, जिसके उपरांत सोमवार से सर्वेक्षण कार्य आरंभ कर दिया गया है।

सर्वेक्षण पूर्ण होने उपरांत उत्पन्न संबंधी आगामी कार्यवाही की जाएगी। अग्रोहा पुरातात्विक स्थल पर आखिरी बार वर्ष 1978 से 1981 के बीच में उत्खनन का कार्य किया गया था। अभी तक यहां हुए अध्ययन में अग्रोहा पुरातात्विक स्थल पर टीले के नीचे प्राचीन सभ्यता के होने के प्रमाण मिले हैं। इस अवसर विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि अग्रोहा को ग्लोबल सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में यह एक अहम कदम है, जिसके लिए उनका पूरा समाज मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभारी है, जिन्होंने यहां सर्वेक्षण करने का निर्णय लिया है।

अग्रवाल समाज के अनेकों संगठनों ने मुख्यमंत्री से मिलकर इसके ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए अग्रोहा टीले की खुदाई करवाए जाने का प्रस्ताव रखा था। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सहर्ष प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए आगामी कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अग्रोहा तेजी से विकसित हो रहा सांस्कृतिक व आस्था का केंद्र बन चुका है। हजारों की संख्या में देश-विदेश के श्रद्धालु अपनी मातृभूमि के दर्शनार्थ यहां पहुंचते हैं। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अग्रोहा सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत विश्व स्तर के पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। अग्रोहा के टीले की खुदाई से भी हमें अपने वैभवशाली इतिहास की जानकारी प्राप्त होगी।

शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि 25 किलोमीटर के दायरे में अग्रोहा को एक ग्लोबल सिटी के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की गई है। अग्रसेन ग्लोबल सिटी कनेक्टिविटी के हिसाब से बेहद महत्वपूर्ण लोकेशन है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर के धार्मिक पर्यटन का केंद्र बनेगी। पुरातत्व तथा धार्मिक महत्व और हड़प्पा संस्कृति से जुड़े इसके जुड़ाव के चलते यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं है। इस अवसर पर विरासत एवं पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव एमडी सिन्हा, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव दीपक सिंघल, उपायुक्त प्रदीप दहिया, एसडीएम जयवीर यादव, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग, मेयर कुलभुषण गोयल, आचार्य श्री बालकानंद, दीनदयाल, राजेश गर्ग, खैराती लाल सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।