राज्यपाल ने भारी बारिश से उत्पन्न स्थिति जानी, बोले— संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए रहें तैयार

देहरादून, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने सोमवार को राजभवन में आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन से मानसून की जानकारी ली। राज्यपाल ने प्रदेश के कई जनपदों में हो रही भारी बारिश से उत्पन्न स्थिति जानी।

राज्यपाल ने कहा कि पिछले अनुभवों से सीख लेते हुए संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए अपनी तैयारी करनी चाहिए। मानसून के दौरान जान—माल का नुकसान कम से कम हो, इसके लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आदि के माध्यम से चलाई जाने वाली फेक न्यूज का खंडन कर ऐसे लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। संभावित आपदा, भूस्खलन और जलभराव जैसे स्थानों पर अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए जाएं।

आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार ने वर्षा के अद्यतन स्थिति, नदियों तथा बैराज के जलस्तर, मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति का विवरण, सड़क दुर्घटनाओं में मानव क्षति, विभिन्न स्थलों पर हुए भूस्खलन आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आपदा के त्वरित प्रतिवादन और बचाव एवं राहत कार्य के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी और बताया कि राज्य सहित प्रत्येक जनपदों में आपदा परिचालन केंद्र अनवरत संचालित है। राज्य आपदा प्रबंधन के लिए 18 विभागों के नोडल अधिकारी कार्य कर रहे हैं। सीएपी और व्हाट्सएप के माध्यम से आम जनमानस को चेतावनियों का प्रसारण किया जा रहा है। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जेसीबी एवं नदियों की निगरानी के लिए ऑटोमेटेड वॉटर लेवल रिकार्डर लगाए गए हैं। 113 बाढ़ चौकियों की स्थापना और समस्त बांध परियोजनाओं को ऑटोमैटिक हाईड्रोलॉजिकल सैंसर स्थापित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि मानसून में किसी भी प्रकार की चुनौती से निपटने के लिए हर स्तर पर तैयारियां पूर्ण हैं।