राज्यपाल आनंदीबेन ने आवासीय विद्यालय, करसड़ा में बच्चों से किया संवाद

3fbd17377ad45afe33bcceec1b9a019e

वाराणसी,25 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गुरुवार शाम करसड़ा स्थित अटल आवासीय विद्यालय के बच्चों से संवाद किया। विद्यालय में पहुंची राज्यपाल ने अध्यापक की तरह बच्चों से सवाल जबाब किया। उन्होंने विद्यालय के स्ट्रोनॉमी लैब, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान प्रयोगशाला, कम्प्यूटर लैब आदि का निरीक्षण कर छात्रों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने बच्चों को खूब मन लगाकर पढ़ने एवं अपने परिवार के साथ-साथ देश का नाम रोशन करने को कहा।

उन्होंने पर्यावरण सुरक्षा, पानी एवं अन्न बचाने तथा छात्र-छात्राओं को पौष्टिक भोजन लेने तथा नियमित व्यायाम एवं खेल-कुद में प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही छात्र-छात्राओं का ग्रुप बनाकर सामयिक विषयों पर चर्चा एवं भविष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन छात्र-छात्राओं से ही कराये जाने का सुझाव दिया। उन्होंने विद्यालय के छह छात्र-छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर प्रमाण पत्र वितरित किया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत तथा डम्बल पी०टी० एवं लेजिम पी०टी० का प्रदर्शन राज्यपाल के समक्ष किया। विद्यालय में पहुंचने पर राज्यपाल आनन्दीबेन पटेल का स्वागत उत्तर प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने पुष्प देकर किया।

मंत्री राजभर ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपनों को साकार करते हुए अटल आवासीय विद्यालय के छात्र-छात्राएं नित प्रगति के पथ पर अग्रसर हैं। कार्यक्रम का संचालन जिलाधिकारी एस. राजलिंगम, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने किया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ० अमर नाथ राय ने विद्यालय में राज्यपाल के आने पर धन्यवाद ज्ञापित किया। राज्यपाल ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।