पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से गोकश घायल

मेरठ, 01 अप्रैल (हि.स.)। लोहिया नगर थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात बजोट गांव में पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक गोकश घायल हो गया। पुलिस ने एक अन्य बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के पास से जिंदा गाय और अवैध हथियार बरामद हुए।

लोहिया नगर थाना क्षेत्र स्थित बिजली बम्बा चौकी क्षेत्र में कुछ समय पहले गोवंश के अवशेष मिले थे। जिसे लेकर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया था। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया था। रविवार की देर रात थाना पुलिस बजोट गांव के निकट चेकिंग कर रही थी। तभी पुलिस को दो युवक एक गाय को ले जाते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने के लिए कहा तो बदमाशों ने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया और दूसरे को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश की पहचान सोनू उर्फ भूरा पुत्र इस्माइल निवासी ऊंचा सद्दीकनगर थाना लिसाड़ी गेट के रूप में हुई जबकि गिरफ्तार बदमाश मेहराज पुत्र रफीक निवासी जाकिर कालोनी थाना लिसाडी गेट निकला। पुलिस को बदमाशों के पास से अवैध हथियार, गोकशी के उपकरण और एक जिंदा गाय मिली। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनसे पूछताछ कर गिरोह के अन्य बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।