रामायण के रंग में रंगे बच्चे, राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान की दिखी झलक

रामगढ़, 16 अप्रैल (हि.स.) । अयोध्या में भगवान राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह पहला रामनवमी का त्यौहार मनाया जा रहा है। लोगों में इस त्यौहार को लेकर काफी उत्साह है। नवमी से एक दिन पहले रामगढ़ शहर के हेलो किड्स रॉबिन हुड विद्यालय में रामायण के वे सारे किरदार दिखे। राम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान और यहां तक कि रावण की भी झलक दिखाई दी। विद्यालय में अलग-अलग किरदार में डूबे बच्चे रामायण का पाठ करते दिखाई दिए। यहां बच्चों को रामायण के उन किरदारों के बारे में बताया गया जो हमारे समाज के आदर्श हैं।

भगवान राम कहां पैदा हुए? माता सीता का जन्म कहां हुआ था? हनुमान जी ने अपने जीवन में कौन सी लीलाएं की? लक्ष्मण ने अपने भाई के प्रति आस्था रखी। इन सारी बातों को बच्चों ने आत्मसात किया। बच्चों को रामायण के कुछ क्लिप भी दिखाए गए, ताकि उनके मानस पटल पर उनकी छवि बनी रहे। विद्यालय की प्राचार्या वर्षा अग्रवाल ने बताया कि विद्यालय में सिर्फ पढ़ाई ही नहीं बल्कि बच्चों को संस्कृत के बारे में भी बताया जाना चाहिए। कौन सा पर्व किस लिए मनाया जाता है और उसका उद्देश्य क्या है। अगर बच्चे अभी से सीखेंगे तो बड़े होकर वे एक संस्कारी परिवार का हिस्सा बनेंगे। आज उनमें भरा गया संस्कार हमारे देश का भविष्य तय करेगा।