हिसार: सरपंचों को 21 लाख तक के कार्य करवाने की छूट देना स्वागत योग्य: आजाद हिन्दुस्तानी

हिसार, 3 जुलाई (हि.स.)। युवा भाजपा नेता एवं डोभी गांव के सरपंच आजाद सिंह हिन्दुस्तानी ने राज्य सरकार के उस फैसले का स्वागत किया है, जिसमें सरपंचों को बिना ई टेंडरिंग 21 लाख तक के कार्य करवाने की छूट दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार के इस फैसले से गांवों के विकास कार्यों को गति मिलेगी।

आजाद सिंह हिन्दुस्तानी ने बुधवार को कहा कि ई टेंडरिंग पर रोक लगाकर 20 लाख तक के कार्य सीधे करवाने की मांग राज्य के सरपंच कई दिनों से कर रहे थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सरपंचों की इस भावना को समझा और उन्हें पता लगा कि ई टेंडरिंग के जरिए हर काम करवाने से गांवों का विकास प्रभावित हो रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सरपंचों के सम्मेलन में बड़ा फैसला लेते हुए 21 लाख तक के विकास कार्य करवाने की छूट दे दी है। इससे न केवल सरपंचों को राहत मिली है बल्कि गांवों में विकास कार्य भी तेज होंगे और आने वाले दिनों में गांवों की अलग ही तस्वीर नजर आएगी।

आजाद सिंह हिन्दुस्तानी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं पंचायत मंत्री महिपाल ढांडा ने ग्रामीण विकास की दिशा में ये बहुत बड़ा फैसला लिया है। इसके लिए तमाम सरपंच उनके आभारी है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत देश के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है। देश का विकास गांवों के विकास से ही शुरू होता है और इसमें सरपंचों व ग्राम पंचायतों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने सरपंचों को 21 लाख तक के कार्य करवाने की छूट दिए जाने तथा पंचायतों व सरपंचों के हित में अन्य घोषणाएं करने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व पंचायत मंत्री महिपाल ढांडा का आभार जताया है।