नदी किनारे मिला युवती का शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस

मीरजापुर, 09 मार्च (हि.स.)। कछवां थाना क्षेत्र के केवटावीर धोबियाना बस्ती के पास गंगा नदी किनारे शनिवार की रात एक अज्ञात युवती का शव पाया गया। केवटावीर गांव के पास गंगा नदी के किनारे एक महिला के शव होने की सूचना पर पुलिस उच्चाधिकारी व थाना कछवां पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से शव को पानी के बाहर निकलवाया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर रितेश सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया मृतका की उम्र 20 वर्ष प्रतीत हो रही है, जो गुलाबी रंग की कमीज व काले रंग की लैगी पहनी है। शरीर पर कोई जाहिरा चोट का निशान नहीं है। मौके पर फॉरेंसिक टीम मौजूद है। पुलिस मृतका के शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास कराते हुए विधिक कार्रवाई कर रही है।