गायत्री परिवार खूंटी में चला रहा है वृक्ष गंगा अभियान, किया पौधा रोपण

खूंटी, 5 जून (हि.स.)। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में खूंटी शाखा के श्रद्धालुओं द्वारा बुधवार को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। शाम को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मेन रोड खूंटी स्थित गायत्री प्रज्ञापीठ प्रांगण में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर उपस्थित खूंटी गायत्री परिवार ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं ने पूरे विश्व के पर्यावरण में हो रहे चिंताजनक परिवर्तनों पर चर्चा की।

कार्यक्रम के दौरान जानकारी देते हुए बताया गया कि जिस प्रकार आज समूचे विश्व में प्रगति के नाम पर पेड़ों को काटा जा रहा है और पृथ्वी पर लगातार गर्मी बढ़ती जा रही है, वह पूरी दुनिया के लिए परेशानी का सबब बन चुकी है। इसके लिए सरकारी प्रयासों से इतर स्थानीय नागरिकों को भी वृक्षारोपण के लिए बढ़-चढ़ कर भागीदारी करने की आवश्यकता है। इस संबंध में साधक बालमुकुंद कश्यप ने बताया कि गायत्री परिवार द्वारा गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की प्रेरणा से सप्त सूत्री आंदोलन के अंतर्गत पूरे भारत में वृक्ष गंगा अभियान चलाया जा रहा है और पूरे भारत में लाखों की संख्या में वृक्षारोपण किया जा चुका है और आगे भी यह अभियान चलता रहेगा।

इसी क्रम में खूंटी शाखा के कार्यकर्ताओं द्वारा पूर्व में हजारों की संख्या में वृक्षा रोपण किया गया है और आज के विशेष दिवस पर खूंटी शाखा के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने खूंटी के विभिन्न तालाबों के किनारे तथा अन्य स्थानों पर वृहद रूप से वृक्षा रोपण किया। बरसात के दिनों में विशेष पौधाारोपण कार्यक्रम चलाने का कार्यकर्ताओं ने सकंलप लिया।