FY24 GDP Growth: मार्च तिमाही में 7.8% की दर से बढ़ी अर्थव्यवस्था, PM मोदी ने जताई खुशी

FY24 GDP ग्रोथ: सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़ों ने एक बार फिर चौंकाया है। वित्त वर्ष 2024 की आखिरी तिमाही में भारत का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) 7.8 फीसदी की दर से बढ़ा है। एक साल पहले समान अवधि में यह रफ्तार 6.2 फीसदी थी। हालांकि, अक्टूबर-दिसंबर, 2023 के मुकाबले मार्च तिमाही में विकास दर धीमी रही है। दिसंबर तिमाही में देश की अर्थव्यवस्था 8.6 फीसदी की दर से बढ़ी थी। आर्थिक मोर्चे पर भारत के मुख्य प्रतिद्वंद्वी चीन की आर्थिक विकास दर जनवरी-मार्च तिमाही में 5.3 फीसदी रही।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2023-24 में देश की जीडीपी वृद्धि दर 8.2 प्रतिशत रही, जबकि वित्त वर्ष 2022-23 में यह सात प्रतिशत रही।

पीएम मोदी बोले- ये तो बस ट्रेलर है

जीडीपी के आंकड़ों को देखकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काफी खुश नजर आए। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा कि वित्त वर्ष 2023-24 के लिए चौथी तिमाही के जीडीपी वृद्धि के आंकड़े हमारी अर्थव्यवस्था में मजबूत गति को दर्शाते हैं। हमारे देश के मेहनती लोगों को धन्यवाद। वित्त वर्ष 2023-24 के लिए 8.2% की वृद्धि इस बात का उदाहरण है कि कैसे भारत वैश्विक स्तर पर सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है। यह तो बस एक ट्रेलर है।

कोर सेक्टर के आंकड़े

बिजली और स्टील उत्पादन में वृद्धि के कारण भारत के कोर सेक्टर के आंकड़ों में सुधार हुआ है। कोर सेक्टर के आठ प्रमुख क्षेत्रों में अप्रैल में 6.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इस महीने में कोयला उत्पादन 7.5 प्रतिशत जबकि बिजली उत्पादन 9.4 प्रतिशत रहा। मार्च में कोयला उत्पादन 8.7 प्रतिशत और बिजली उत्पादन 8.6 प्रतिशत बढ़ा था। आपको बता दें कि आठ प्रमुख क्षेत्रों में कोयला, तेल, प्राकृतिक गैस, बिजली, रिफाइनरी उत्पाद, स्टील, सीमेंट और उर्वरक शामिल हैं।

मार्च में स्टील उत्पादन में साल-दर-साल आधार पर 7.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि एक महीने पहले इसमें 6.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। अप्रैल में प्राकृतिक गैस उत्पादन में 8.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि पिछले महीने इसमें 6.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।

शेयर बाजार का क्या रहा हाल

जीडीपी आंकड़ों से पहले भारतीय शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली। स्थानीय शेयर बाजारों में पिछले पांच दिनों से जारी गिरावट शुक्रवार को थम गई। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 75.71 अंक यानी 0.10 फीसदी की तेजी के साथ 73,961.31 पर बंद हुआ। निफ्टी भी गिरावट से उबरने में कामयाब रहा और 42.05 अंक यानी 0.19 फीसदी की तेजी के साथ 22,530.70 अंक पर बंद हुआ।